उत्तराखंड: देहरादून में छात्र की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार (11 फरवरी) को एक 21 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान राहुल राज के रूप में हुई है. मृतक को उसके दोस्त गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
सूत्रों के अनुसार, शाम के समय आपातकालीन नंबर 112 पर एक कॉल आई थी, जिसमें एक युवक की हालत गंभीर होने की सूचना दी गई थी. इसके बाद राजपुर थाना पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और वहां मौजूद राहुल के दोस्तों से पूछताछ शुरू की. शुरुआती जांच में मामला रहस्यमय बना हुआ है. क्योंकि मौत के स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाए हैं. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
जीबीआईटी कॉलेज से बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था छात्र
मृतक राहुल जोहड़ी रोड पर रहता था, लेकिन हालांकि मूल रूप से मृतक बिहार के सारण जिले के छपरा इलाके का रहने वाला था और सहसपुर के जीबीआईटी कॉलेज में बी-फार्मा सेकंड ईयर का छात्र था. जानकारी में यह भी बात सामने आई की राहुल दो महीने से कॉलेज से सस्पेन्ड चल रहा था. इस दौरान मृतक जोहड़ी रोड की एक पेइंग गेस्ट में अपने दोस्तों के साथ रह रहा था.
राहुल को मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे दोस्त
मृतक के साथियों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को दिन के वक्त अचानक राहुल बेहोश हो गया. सब घबरा गए और उसे झटपट मैक्स अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी. घटना सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर आ गए.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
साथियों के मुताबिक राहुल नशे का आदि भी था. पुलिस ने राहुल के घरवालों को इस हादसे की खबर दे दी है. अभी शव का पंचनामा भरने समेत जरूरी कानूनी प्रक्रिया चल रही है. असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी कि आखिर राहुल की जान कैसे गई.
ये भी पढ़िए- ‘तेजस्वी यादव का भ्रष्टाचार पर बोलना शेर के शाकाहारी होने जैसा’, प्रशांत किशोर ने कसा तंज



