शिमला: रोहड़ू के ज्वैलर की दुकानों पर छापेमारी, तेंदुए के नाखून और दांत बरामद

रोहड़ू में वन विभाग की टीम ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वैलर की दुकानों पर छापेमारी की है. इस छापेमारी के दौरान विभाग को तेंदुए के 85 नाखून और पांच दांत बरामद हुए हैं. यह कार्रवाई मंगलवार (11 फरवरी) को दिन के समय रोहड़ू शहर में अलग-अलग स्थानों पर की गई.
जानकारी के अनुसार, पुलिस और वन विभाग को सूचना मिल रही थी कि बाजार में कई ज्वैलरी की दुकान है जहां तेंदुए के नाखून और दांत को बेचा जा रहा है. पुलिस ने एक विशेष टीम तैयार कर मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
छह दुकानदारों के पास से बरामद तेंदुए के नाखून और दांत
वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रोहड़ू के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में स्थित ज्वैलरी दुकानों की जांच की. जांच के दौरान छह ज्वैलरों के पास से तेंदुए के नाखून और दांत पाए गए, जिन्हें अवैध रूप से रखा गया था. विभाग के अनुसार यह सामग्री वन्यजीव अधिनियम के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और इसका व्यापार या संग्रह करना कानूनन अपराध है.
दुकानदारों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई
डीएफओ रोहड़ू रवि शंकर शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद सामग्री को कब्जे में ले लिया गया है और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि तेंदुआ संरक्षित वन्यजीव है और इसके अंगों का रखना या बेचने की कोशिश करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है.
आभूषणों में सजावट के लिए इस्तेमाल करते थे दांत और नाखून
सूत्रों के अनुसार कुछ ज्वैलर इन नाखूनों व दांतों का उपयोग ताबीज, लॉकेट व अन्य आभूषणों में सजावट के लिए करते हैं. जिसे लोग अंधविश्वास के चलते खरीदते हैं. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे उत्पादों से दूरी बनाएं और यदि कहीं इस तरह का अवैध कारोबार नजर आए तो तुरंत विभाग को सूचना दें.
ये भी पढ़िए- भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह को राहत, आचार संहिता उल्लंघन मामले में डेहरी कोर्ट ने दी जमानत



