गोगी गैंग कनेक्शन वाला कुख्यात गैंगस्टर मुकेश गिरफ्तार, MCOCA की कार्रवाई से गिरोह को बड़ा झटका

दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर मुकेश उर्फ पुनीत को गिरफ्तार कर लिया है. सख्त महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट के तहत की गई यह गिरफ्तारी नरेला और आसपास के इलाकों में अपराध की कमर तोड़ने वाली मानी जा रही है. लंबे समय से पुलिस की नजर में चल रहे इस गैंगस्टर की गिरफ्तारी से इलाके में दहशत फैलाने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है.
दिल्ली पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह ऑपरेशन पूरी तरह खुफिया सूचना और पुख्ता सबूतों के आधार पर चलाया गया, जिसके बाद सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मुकेश को दबोच लिया गया. उसके खिलाफ थाना नरेला में दर्ज FIR के तहत MCOC एक्ट की धाराओं में मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका था, जिसके बाद कानूनी जांच पूरी होने पर गिरफ्तारी की गई.
मुकेश उर्फ पुनीत जो 34 साल का है, उसने 2012 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था और कुछ ही सालों में वह इलाके का खौफ बन गया था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार, अपहरण और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर अपराधों के 25 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. दिल्ली के अलावा हरियाणा में भी उसके खिलाफ कई संगीन केस दर्ज हैं.
दिल्ली पुलिस की जांच में हुआ अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि मुकेश अपने संगठित गिरोह का सरगना था और प्रदीप उर्फ गुरी, विकास उर्फ विक्की, विनोद उर्फ सोनू और परदीप उर्फ अनिल जैसे बदमाश उसके नेटवर्क में सक्रिय थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसके कुख्यात गोगी गैंग से भी गहरे संबंध थे, जिससे उसकी आपराधिक ताकत और बढ़ गई थी. यह गिरोह रंगदारी, वसूली, हथियारबंद वारदात और गैंगवार जैसी घटनाओं में शामिल रहा है. फिलहाल पुलिस गैंग के बाकी सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.



