राज्य

‘इस सम्मान की तौहीन होगी’, वीर सावरकर को भारत रत्न देने पर भड़के भाई जगताप, बच्चों वाले बयान पर भी बोले

संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा वीर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग पर राजनीतिक बयानबाजी तेज है. इस पर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने भी बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जिन पर गंभीर आरोप हैं, उन्हें यह सम्मान देकर भारत रत्न का मान कैसे बढ़ सकता है.

कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि भारत रत्न देश का सर्वोच्च और सबसे प्रतिष्ठित सम्मान है, जो 140 करोड़ नागरिकों की भावनाओं से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि अब तक यह सम्मान उन्हीं व्यक्तित्वों को मिला है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र या किसी बड़े उद्देश्य के लिए समर्पित किया.

वीर सावरकर को सम्मान समझ से परे- भाई जगताप

उन्होंने कहा, ‘भारत रत्न से बड़ा कोई पुरस्कार नहीं है. संघ प्रमुख देश के नहीं, संगठन के प्रमुख हैं. वीर सावरकर पर लगे आरोपों के बीच सम्मान की बात समझ से परे है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसे विवादित नामों को यह सम्मान दिया जाता है, तो इसका विश्लेषण पूरा देश करेगा और सम्मान की गरिमा पर सवाल उठेंगे.

कानून व्यवस्था, कलाकार और राजनीति

भाई जगताप ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार में कई ऐसे मंत्री हैं जिन पर दाग होने की बात रिपोर्ट्स में सामने आई है. ऐसे माहौल में भारत रत्न देने से सम्मान की तौहीन होगी. उन्होंने कहा कि वे मुद्दे को हवा नहीं देना चाहते, लेकिन फैसला सरकार का होगा और जवाब जनता देगी.

संघ प्रमुख के कार्यक्रम में अभिनेता सलमान खान की मौजूदगी पर उन्होंने कहा कि खेल और कला को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कलाकारों को धमकियां मिल रही हैं, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग हुई है और गैंगस्टरों में कानून का डर नहीं दिखता. उन्होंने कहा कि 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड का डर खत्म किया गया था, लेकिन आज हालात फिर चिंता पैदा कर रहे हैं.

RSS प्रमुख के 3 बच्चे वाले बयान पर दी प्रतिक्रिया

संघ प्रमुख के तीन बच्चों वाले बयान को भाई जगताप ने हास्यास्पद बताया. उन्होंने कहा कि जब भारत जनसंख्या में पहले नंबर पर है, तब इस तरह की सलाह देना गैरजिम्मेदाराना है. आज महिलाएं पहले से ज्यादा असुरक्षित हैं और युवा खुद तय करने में सक्षम हैं कि कब और किससे शादी करनी है.

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस सांसद गौरव गोगई पर दिए बयान पर उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा, कार्रवाई करनी चाहिए. बीएमसी में रितु तावड़े के मेयर बनने और घुसपैठियों पर बयान को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार चारों तरफ है, कानून भी मौजूद है, फिर बीते 12 साल में कितने घुसपैठिए निकाले गए, यह बताना चाहिए.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाई जगताप ने कहा कि संसद देश का पवित्र मंदिर है, लेकिन विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता. चीन जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा नहीं होने दी जाती है.

महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि जहां धुआं होता है, वहां आग भी होती है. 18 साल पुराने विमान, लैंडिंग और तकनीकी खामियों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए. वहीं आईएएनएस को दिए बयान में उन्होंने भारत पाकिस्तान मैच पर कहा कि खेल, कला और संगीत को राजनीति से नहीं देखना चाहिए. भारत का क्रिकेट में दबदबा रहा है और विश्व कप को राजनीतिक नजरिये से देखना ठीक नहीं है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!