दिल्ली: 30 लाख के जेवर चोरी का खुलासा, नौकरानी ने दिया था वारदात को अंजाम, गिरफ्तार

दिल्ली के द्वारका में एक बड़ी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए घर में काम करने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी महिला घर से लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई थी. पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 1 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता ने अपने घर से सोने के गहने और नकदी चोरी होने की सूचना दी थी. शक घर में काम करने वाली महिला पर था. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-23 द्वारका में दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस टीम ने टेक्निकल और स्थानीय जानकारी जुटाई.
गहने-नकदी बरामद
इसी बीच एक गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध महिला दिल्ली के कापसहेड़ा थाना क्षेत्र के ईसापुर खेड़ा गांव में छिपकर रह रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत वहां छापा मारा और आरोपी महिला को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी गहने और नकदी बरामद कर ली गई.
लाखों का गहना चुराकर गायब हुई आरोपी महिला
पुलिस ने आरोपी 38 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया है और बरामद संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है. बरामद सामान में करीब 190 ग्राम सोने के गहने शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है.
इनमें चार सोने की चूड़ियां, दो कड़े, एक सोने की चेन, एक गोल्ड/प्लैटिनम ब्रेसलेट, तीन अंगूठियां और एक जोड़ी झुमके शामिल हैं. इसके अलावा दो चांदी के सिक्के और 18 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.



