इटावा में खुशियों का खौफनाक अंत, सगाई के अगले दिन खेत में मिला खून से लथपथ शव!

उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव कुएता सरैया में रविवार (8 फरवरी) सुबह उस समय सनसनी फ़ैल गयी, जब ग्राम प्रधान अजब सिंह के भतीजे ओमवीर उर्फ़ ओम बाबू की ला लहुलुहान शव गांव से बाहर तालाब के किनारे खेत में मिला. उसके सीने में गोली लगी थी. एक दिन पहले शनिवार (7 फरवरी) को ही ओमवीर की सगाई हुई थी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा,और परिजनों से पूछताछ की. शुरूआती जानकारी में युवक द्वारा रिश्ते से नाखुश होकर आत्मघाती कदम उठाना बताया जा रहा है. फिलहाल गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं कि एक दिन पहले ही घर में खुशियां थीं, फिर अचानक कैसे मातम फैल गया.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात गेस्ट हाउस में दोनों पक्षों के परिवारों ने मिलकर धूमधाम से सगाई की रस्म अदा की थी. दोनों परिवार काफी खुश थे. लेकिन रविवार सुबह उस वक़्त चीख पुकार मच गयी, जब गांव से करीब 500 मीटर दूर तालाब के किनारे खेत में ओम बाबू का शव पड़ा मिला. शव के सीने में गोली लगी हुई थी और पास ही एक 315 बोर का कंट्री मेड तमंचा बरामद हुआ. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला माना है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
परिजन घटना से हैरान
मृतक ओमवीर के चाचा और प्रधान अजब सिंह ने बताया, कि कल रात तक सब कुछ ठीक था. गोद भराई धूमधाम से हुई, कोई विवाद या तनाव नहीं दिखा. सब हंसते-खेलते विदा हुए. सुबह वो तालाब की तरफ निकला और फिर ये दुखद खबर आई. हमें समझ नहीं आ रहा कि आखिर वजह क्या थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
एएसपी ग्रामीण श्रीश चंद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. प्रारंभिक रूप से मामला आत्महत्या का लग रहा है, जिसमें शादी या फिर कोई पारिवारिक वजह नजर आ रही है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी.
Input By : अमित मिश्रा



