Maharashtra: छत्रपति संभाजीनगर में रफ्तार का कहर! दो गाड़ियों ने सामने से मारी टक्कर, दोनों चालकों की मौत

महाराष्ट्र की सड़कों पर तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसे में. और एक पल की चूक ने छत्रपति संभाजीनगर जिले के शेकटा-ईसरवाड़ी हाईवे को मौत का रास्ता बना दिया, जहां एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. शिवपुर गांव के बाहरी इलाके में शेकटा से ईसरवाड़ी जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर और आइशर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों के चालक इस दुर्घटना की चपेट में आ गए और उनकी जान मौके पर ही चली गई.
हादसे में दोनों वाहन हुए चकनाचूर
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कंटेनर और आइशर ट्रक के आगे के हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए. टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़े नजर आए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.
केबिन में ही फंसे रह गए दोनों वाहन चालक
मिली जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन चालकों केबिन में बुरी तरह फंस गए. स्थानीय नागरिकों ने तुरंत मदद करने की कोशिश की और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया. हालांकि दोनों चालकों को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका. काफी प्रयासों के बाद केबिन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया.
दुर्घटना के कारणों की हो रही है जांच
दुर्घटना के बाद शेकटा-ईसरवाड़ी हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया. पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.



