बिहार: छपरा में दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर लूट, ज्वलेर्स 20 लाख रुपए लूट ले गए बदमाश

बिहार के छपरा सारण में दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर लूट से दहशत फैल गई. इलाके की ज्वेलरी शॉप में 20 लाख की लूट हुई. ग्राहकों और दुकानदार को बंधक बनाया, फिर गहने लूट कर ले गए. घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार (8 फरवरी) को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट की वारदात हुई है.
बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार 6 बदमाश शॉप पर पहुंचे. दुकान में घुसते ही बदमाशों ने ग्राहकों के साथ दुकानदार को पिस्टल दिखाकर डराया धमकाया. इसके बाद वारदात को अंजाम देते हुए झोले में चांदी-सोने की ज्वेलरी भरकर भाग गए.
जाते वक्त की गई फायरिंग
घटना के बाद अपराधियों द्वारा दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग किए जाने की भी सूचना सामने आई है. वारदात के वक्त का वीडियो भी सामने आया है. घटना में तीन अपराधी दुकान के अंदर घुसते हुए दिख रहे हैं. इनमें दो के हाथ में पिस्टल दिख रही है.
वीडियो फुटेज में हथियार साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. फुटेज में एक अपराधी पिस्टल के बल पर ग्राहकों को बंधक बनाए हुए हैं. वारदात में दो बदमाश जल्दी-जल्दी बोरे में ज्वेलरी रख रहे हैं. इस दौरान दुकान में मौजूद ग्राहक दहशत में आ गए. इसके बाद दो मिनट के भीतर अपराधी ज्वेलरी लेकर भाग निकले.
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार की बताई जा रही है. इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले पर पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस बीच पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है.
हथियार दिखाकर खुलवाया लॉकर
घटना के बाद पीड़ित अरुण कुमार गुप्ता द्वारा बताया कि दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर बदमाश दुकान में घुसे. इसके बाद वहां मौजूद सभी लोगों पर पिस्टल तान दी. इसी दौरान एक अपराधी गाली देते हुए पिताजी के पास पहुंचा और उन्हें धमकी देते हुए कहा कि लॉकर खोलो नहीं तो गोली मार देंगे.
पीड़ित ने बताया कि उस समय पिताजी की गोद में एक बच्चा भी था. जो डर की वजह से रोने लगा, फिर पिताजी बच्चे को लेकर बाहर जाने लगे तो बदमाशों ने पिस्टल तानकर उन्हें बाहर जाने से रोक दिया. इसके बाद बदमाशों ने एक बैग में आभूषण भरना शुरू कर दिए और फरार हो गए.
सारण पुलिस ने दी यह जानकारी
सारण एकमा सदर SDPO राजकुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बाजार में ज्वेलर्स की दुकान से लूट की घटना हुई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर रही है. आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी गई है. जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा. लूटपाट के बाद सभी बदमाश फायरिंग करते हुए उत्तर दिशा की ओर भाग गए.
वरीय पुलिस अधीक्षक का क्या कहना है?
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के कार्यालय द्वारा मामले में प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है. इस दौरान उन्होंने बताया है कि लगभग 1 बजे मांझी थाना को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सोना-चांदी की दुकान में लूट की घटना घटित हुई है.
सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की, साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है.
मामले में एसआईटी का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सारण द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है. गठित टीम द्वारा लूटे गए सामान की बरामदगी एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है.
तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच की जा रही है. शीघ्र ही दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सारण पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है. वर्तमान में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है.



