PM मोदी से मिलेंगे तेज प्रताप यादव, अनुष्का संग रिश्तों को किया खारिज, बोले- ‘आदमी फांसी…’

जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव संग अपने कथित रिश्तों को खारिज कर दिया है. रविवार (08 फरवरी, 2026) को पटना में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ना सिर्फ पांच जयचंदों का नाम लिया बल्कि सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा कि वे पिता बन गए हैं इसे भी अफवाह बताया. कहा कि कोई संबंध नहीं है. कोई लेना देना नहीं है.
तेज प्रताप यादव ने कहा, “जो बदनाम कर रहे हैं उनके खिलाफ कोर्ट जाएंगे. दिल्ली जाएंगे. हम मोदी जी से भी मिलेंगे. हम सबसे पहले तो कोर्ट जाएंगे. लगातार हमको परेशान किया जा रहा है. हर चीज में हम ही नजर आ रहे हैं. मेरे बिना किसी की दाल ही नहीं गल रही है. दिन रात… आदमी फांसी लगा ले क्या? बंद कमरे में जाकर हम फांसी लगा लें?”
‘…लेकिन भगवान का हम पर आशीर्वाद है’
जेजेडी नेता ने आगे कहा, “अभी जिस तरीके से अफवाह उड़ाई जा रही है मैं इसको खारिज करता हूं.” पत्रकारों ने सवाल किया कि आप फांसी लगाने की बात कह रहे हैं. इतनी बड़ी बात? इस पर कहा, “कहने का मतलब है कि अगर कोई आदमी ऐसे तनाम में रहेगा… डिप्रेशन में चला जाएगा… तो फांसी लगा लेगा. ये हमने कहा… डिप्रेशन में पहुंचाया गया, लेकिन भगवान का हम पर आशीर्वाद है.”
सम्राट चौधरी से बात हुई: तेज प्रताप यादव
पूछा गया कि क्या नरेंद्र मोदी से संपर्क करेंगे? इस पर कहा, “हम सबसे संपर्क करेंगे. सभी लोग से मिलेंगे. अब इन जयचंदों को छोड़ूंगा नहीं.” बिहार के गृह मंत्री से सम्राट चौधरी से मिलने के सवाल पर कहा कि हमने कई बार उनको फोन किया है. सम्राट चौधरी से हमारी बात हुई है. उन्होंने कहा है कि एक-दो दिन में आपको बुलाया जाएगा. सूचना दी जाएगी.
मीडिया की ओर से सवाल किया गया कि तेजस्वी यादव ये सब देखते हुए क्यों चुप हैं? इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि क्यों चुप हैं ये तो वो जानें, लेकिन हमारा जो मैटर इस तरह का उछला है इसको देखना है. जो संबंध जोड़ा जा रहा है उसे खारिज करते हैं. हमारे ऊपर थोपा जा रहा है. सबका गिरोह है. कोई खगड़िया में है कोई भागलपुर में है. सबका गिरोह कहां से चलता है वो सब जानते हैं. गिरोह का संचालन मुकेश रोशन करते हैं. मुकेश रोशन हत्या कराना चाहते हैं. जिस लड़की की चर्चा है उससे भी मेरा संबंध नहीं है.
यह भी पढ़ें- तेज प्रताप यादव ने पहली बार किया 5 जयचंदों का खुलासा, क्या बेटी के पिता भी बने? दे दिया जवाब



