बंगाल मं बाबरी मस्जिद के ऐलान पर लखनऊ में लगे पोस्टर, ‘हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर से गिराएंगे’

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में नई बाबरी मस्जिद के निर्माण के ऐलान के बाद तनाव बढ़ गया है. विश्व हिन्दू रक्षा परिषद की तरफ से राजधानी के कई इलाकों में पोस्टर लगाकर 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद चलने का आह्वान किया गया है. पोस्टर विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय द्वारा लगवाए गए हैं.
पोस्टर में लिखा है “हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर से गिराएंगे.” यही नहीं पोस्टर में दायीं तरफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर और निलंबित विधायक हुमायूं भी हैं.
राजधानी में पोस्टर से लगने से एकाएक माहौल गर्मा गया है, फिलहाल अभी इस मामले में स्थानीय पुलिस-प्रशासन की तरफ से कोई बयान नहीं आया है. लेकिन पूरे शहर में यह पोस्टर चर्चा में आ गए हैं. इस मामले में अभी किसी राजनीतिक दल की भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
क्या लिखा है पोस्टर में ?
शहर के 1090 चौराहा, अम्बेडकर चौराहा,हजरतगंज चौराहा समेत कई जगह लिखे पोस्टर विश्व हिन्दू रक्षा दल द्वारा लगाए हैं. इसमें सबसे ऊपर संगठन का नाम है, फिर लिखा है- “हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर से गिराएंगे. बंटोगे तो कटोगे, हिंदुओं की विरोधी सरकार में इस बार होगा मुर्शिदाबाद में नई बाबरी पर आर-पार.” इसके बाद सबसे नीच चली मुर्शिदाबाद 10 फरवरी लिखा है. पोस्टर में गोपाल राय के नाम के साथ उसकी तस्वीर भी है. दावा किया जा रहा है कि 11 फरवरी से मुर्शिदाबाद में नई बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू हो रहा है.
टीएमसी विधायक ने किया बाबरी मस्जिद बनाने का दावा
बता दें कि इस विवाद की वजह तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कदीर द्वारा मुर्शिदाबाद में नई बाबरी मस्जिद निर्माण का ऐलान किया गया था. बाद में पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया था. दिसंबर में नींव रखने की बात भी कही गयी थी और अब 11 फरवरी से निर्माण की बात सामने आई है. जिसको लेकर हिन्दू संगठनों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
बता दें कि रातों रात यह पोस्टर पूरे शहर के साथ प्रदेश भर में वायरल हो गए हैं. जिसके बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है. लेकिन अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.



