‘डर, दमन और बदले की राजनीति..’, पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर भड़के चंद्रशेखर आजाद, नीतीश सरकार पर निशाना

बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ़्तार पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और यूपी की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने तीखी प्रतिक्रया दी है. उन्होंने बिहार की एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए इसे डर और बदले की राजनीति बताया. उन्होंने कहा कि ये कानून का नहीं बल्कि सत्ता का अंहकार है.
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर भड़के चंद्रशेखर
नगीना सांसद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर नीतीश सरकार पर हमला किया. उन्होंने लिखा- ‘रात के अंधेरे में पूर्णिया के लोकप्रिय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी, बिहार की एनडीए सरकार की डर, दमन और बदले की राजनीति का खुला ऐलान है.
जो सत्ता जनता के सवालों से घबरा जाती है, वही सत्ता आधी रात को जननेताओं को निशाना बनाती है. यह क़ानून का राज नहीं, बल्कि सत्ता का अहंकार है. बीमारी के बावजूद एक जननेता को इस तरह निशाना बनाना, सत्ता की संवेदनहीनता और क्रूर मानसिकता को उजागर करता है. बिहार की जनता सब समझ रही है. तानाशाही के खिलाफ यह लड़ाई और तेज होगी.’
शुक्रवार देर रात हुई पप्पू यादव की गिरफ्तारी
बता दें शुक्रवार देर रात बिहार की पूर्णिया सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में धोखाधड़ी से मकान लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है. इस केस में उनकी ज़मानत याचिका ख़ारिज हो चुकी हैं. जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है.
बिहार पुलिस जब पप्पू यादव की गिरफ्तारी के लिए उनके आवास पर पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में उनके समर्थक इकट्ठा हो गए और जमकर हंगामा करने लगे. इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच कहासुनी हुई और हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि बात धक्का-मुक्की तक आ गई. काफी देर की मशक्कत के बाद रात 12 बजे पुलिस ने पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया.
यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा, बोले- ‘इसको लेकर भ्रम…’



