खेल

T20 WC Opening Ceremony: नोरा फतेही का डांस और बादशाह का जलवा! टी20 वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में लगेगा बॉलीवुड का तड़का

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 07 फरवरी, शनिवार से होगी. पहले दिन टूर्नामेंट में कुल तीन मैच खेले जाएंगे, जिसमें पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच श्रीलंका के कोलंबो स्थित सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. वहीं दिन का तीसरा मैच भारत और यूएसए के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा, जिससे पहले टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी देखने को मिल सकती है. 

फिलहाल ओपनिंग सेरेमनी को लेकर आईसीसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान तो नहीं आया है, लेकिन हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनिंग सेरेमनी पहले मैच में ना होकर, तीसरे यानी भारत के मैच से पहले हो सकती है, जिसमें बॉलीवुड का तड़का देखने को मिल सकता है.

कौन-कौन करेगा परफॉर्म?

रिपोर्ट में बताया गया कि ओपनिंग सेरेमनी में रैपर बादशाह, एक्ट्रेस नोरा फतेही, शिवमणि और ऋषभ रिखीराम शर्मा का जलवा देखने को मिल सकता है. हालांकि गौर करने वाली बात यह है कि ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वालों को लेकर आधिकारिक बयान नहीं आया है.

कहां देख सकते हैं लाइव?

बताया गया कि इस ओपनिंग सेरेमनी को भारत में टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के जरिए लाइव प्रसारित किया जाएगा. इसके अलावा लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार के जरिए होगी. 

कब से कब तक चलेगा टी20 वर्ल्ड कप?

गौरतलब है कि 07 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप का फाइनल मैच 08 मार्च को खेला जाएगा. टूर्नामेंट में कुल 55 मैच खेले जाएंगे, जिसमें सुपर-8 चरण सहित 52 मुकाबले लीग स्टेज के होंगे. बाकी तीन मैच नॉकआउट चरण में होंगे. ट्रॉफी के लिए कुल 20 टीमें मैदान पर उतरेंगी. इससे पहले 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने खिताब अपने नाम किया था.

अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार 20 टीमों में कौन सी टीम ट्रॉफी अपने घर लेकर जाती है. बताते चलें कि भारतीय टीम अब तक दो बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत चुकी है. अभी तक किसी भी टीम ने तीन बार टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम नहीं किया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार इतिहास रचा जाता है या नहीं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!