राज्य

पुणे: पुरानी गर्लफ्रेंड का जिक्र छिड़ने पर भयंकर विवाद, दोस्त ने दोस्त पर ही किया जानलेवा हमला

महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे के कात्रज इलाके से दोस्ती के रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां महज एक फोन कॉल को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही जिगरी दोस्त पर कोयते (धारदार हथियार) से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 फरवरी की रात करीब 8 बजे की है. घायल युवक की पहचान चेतन चव्हाण के रूप में हुई है, जबकि हमलावर का नाम आदित्य कांबले बताया जा रहा है. दोनों लंबे समय से अच्छे दोस्त थे, लेकिन उस रात एक पुरानी गर्लफ्रेंड का जिक्र छिड़ने पर स्थिति बिगड़ गई.

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लड़की को फोन करने की बात पर बहस शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे पर ‘ब्रेकअप’ कराने का आरोप लगाने लगे. गुस्से में आपा खोते हुए आदित्य कांबले पास के ही एक रसवंती गृह (गन्ने के रस की दुकान) में घुसा और वहां रखा कोयता उठाकर चेतन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

सीसीटीवी फुटेज से मचा हड़कंप

वारदात का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि आरोपी कितनी बेरहमी से अपने दोस्त पर वार कर रहा है. हमले के बाद चेतन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस की कार्रवाई और डीसीपी का बयान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस उपायुक्त (DCP) मिलिंद मोहिते ने बताया कि आरोपी आदित्य कांबले को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.

डीसीपी मोहिते ने कहा, “शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और निजी विवाद का लग रहा है. आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इस हमले के पीछे कोई और गहरी साजिश तो नहीं थी.” फिलहाल पुलिस मामले के अन्य चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!