Chhattisgarh: बीजापुर में सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़, 8 लाख का इनामी कमांडर एनकाउंटर में ढेर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पेद्दागेलूर इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है. सुबह से ही जंगलों में रुक-रुक कर फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं. सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि नक्सलियों का एक बड़ा दस्ता यहां मौजूद था, जिसकी सूचना पर कार्रवाई की गई.
8 लाख का इनामी नक्सली कमांडर ढेर
इस मुठभेड़ में नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है. खबर है कि 8 लाख रुपये का इनामी नक्सली कमांडर उधम सिंह मारा गया है. उधम सिंह लंबे समय से सुरक्षाबलों के रडार पर था और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में उसका नाम सामने आ चुका था. मौके से मिले सुराग इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि मारा गया नक्सली उधम सिंह ही है.
डीआरजी और कोबरा जवानों का संयुक्त ऑपरेशन
इस पूरे ऑपरेशन में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान शामिल हैं. जवानों ने बेहद रणनीतिक तरीके से इलाके में घेराबंदी की और नक्सलियों को पीछे हटने का मौका नहीं दिया. जंगल और पहाड़ी इलाके होने के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं.
AK-47 और हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद मिलने की खबर है. इसके अलावा कुछ अन्य नक्सली सामान भी बरामद किए गए हैं. इससे साफ है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे.
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
सुरक्षाबलों को आशंका है कि कुछ नक्सली जंगल की आड़ में भाग निकले हैं. इसी वजह से पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी. फिलहाल पेद्दागेलूर और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी है.



