पटना के 3 इलाकों में रेड, साइबर ठगी के लिए चल रहा था कॉल सेंटर, 22 लोग गिरफ्तार, 15 महिलाएं

साइबर क्राइम से जुड़े मामले में पटना पुलिस और आर्थिक अपराध इकाई की ओर से की गई संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है. पटना में इसके लिए कॉल सेंटर चल रहा था. टीम ने तीन जगहों पर छापेमारी कर 22 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें 15 महिलाएं हैं. बीते मंगलवार (03 फरवरी, 2026) को साइबर थाने की डीएसपी संगीता ने इस संबंध में मीडिया को जानकारी दी.
डीएसपी ने कहा कि आर्थिक अपराध इकाई की ओर से हम लोगों को सूचना दी गई थी कि सगुना मोड़ और रूपसपुर के एरिया में अवैध रूप से कॉल सेंटर चलाए जा रहे हैं. इसके बाद साइबर टीम और आर्थिक अपराध की अलग-अलग एक टीम बनाई गई. तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई. तीनों जगह से कुल 15 महिलाएं और सात पुरुष को गिरफ्तार किया गया.
डीएसपी संगीता ने बताया कि ये लोग (पकड़े गए आरोपी) आईरसीटीसी (IRCTC) से डेटा को डाउनलोड करते थे. इसके बाद लोगों को कॉल करवाया जाता था. बताया गया कि बीते सोमवार (02 फरवरी, 2026) को ही आर्थिक अपराधी की ओर से साइबर थाने को सूचना दी गई थी. इसके बाद रेड की गई थी.
#PatnaPolice एवं #EOU की संयुक्त कार्रवाई: कॉल सेंटर के जरिए साइबर ठगी करने वाले 22 आरोपी गिरफ्तार।
कल दिनांक 02.02.26 को आर्थिक अपराध इकाई, बिहार से प्राप्त सूचना के आधार पर #दानापुर थानांतर्गत सगुना मोड़ एवं रूपसपुर थानांतर्गत विभिन्न स्थानों पर कॉल सेंटर के माध्यम से साइबर… pic.twitter.com/gjWe75cepU
— Patna Police (@PatnaPolice24x7) February 3, 2026
छापेमारी में टीम को क्या-क्या मिला?
जानकारी दी गई कि इस कार्रवाई के क्रम में 19 लैपटॉप, 01 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 53 मोबाइल फोन और 12 एटीएम कार्ड को जब्त किया गया. इसके साथ ही साइबर ठगी में प्रयुक्त अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं कागजात को भी बरामद किया गया है.
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि साइबर ठगों द्वारा विभिन्न साइबर कैफे से आम नागरिकों का व्यक्तिगत डाटा अवैध रूप से प्राप्त किया जाता था. इसके बाद उन्हें आधार कार्ड सेंटर जैसे अन्य सरकारी / गैर सरकारी सेवाओं के नाम पर कॉल कर भ्रमित करते हुए साइबर ठगी की जाती थी. माना जा रहा है कि अब तक इन ठगों ने कई लोगों को अपने जाल में फंसा लिया होगा.
यह भी पढ़ें- Budget 2026: बजट को लेकर RJD का केंद्र पर हमला, कोठारी आयोग का किया जिक्र, ‘मोदी सरकार ने…’



