आजमगढ़

Gazipur News : पदुमपुर मैगराय में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर भव्य मेला, भक्ति और सामाजिक समरसता का दिखा अद्भुत संगम

Gazipur News : पदुमपुर मैगराय में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर भव्य मेला, भक्ति और सामाजिक समरसता का दिखा अद्भुत संगम

भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पदुमपुर मैगराय गांव में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर भव्य मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक समरसता का अनुपम दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। आयोजन समिति द्वारा उपस्थित अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर अलीपुर मदरा के समाजसेवी एवं प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद उर्फ झून्ना सिंह ने संत गुरु रविदास जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु रविदास ने समाज को समानता, भाईचारा और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रही हैं। वक्ताओं ने युवाओं से गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति की ओर से पत्रकारों को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय और उत्सवपूर्ण वातावरण बना रहा।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!