सतना: धर्मांतरण केंद्र के विवादित ढांचे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, हिंदू संगठन ने किया था विरोध

मध्य प्रदेश के सतना जिले के धारकुंडी थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम झखौरा में सोमवार (2 फरवरी) की सुबह धर्मांतरण केंद्र के विवादित ढांचे को प्रशासन ने गिरा दिया है. लंबे समय से विवादों में रहे एक कथित धर्मांतरण केंद्र के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए विवादित ढांचे को ध्वस्त करने की कार्रवाई की.
झखौरा गांव में अवैध रूप से निर्मित इस विवादित ढांचे को जमींदोज करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर गरजना शुरू हो गया है. पिछले कुछ दिनों से इस स्थान को लेकर हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल रखा था.
हिंदू संगठनों ने लगाया था आरोप
संगठनों का आरोप था कि इस विवादित ढांचे की आड़ में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही थी. जिस पर जांच की कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों को बरगला कर धर्म परिवर्तन कराने वाले तीन आरोपियों को धारकुण्डी पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा के तहत लालमन चौधरी उर्फ अब्दुल रहमान पिता जिसवा चौधरी उम्र 68 वर्ष निवासी ग्राम झखौरा थाना धारकुण्डी, विजय भारती उर्फ मोहम्मद उमर, दीनानाथ चौधरी उर्फ अब्दुला पिता स्व. मोहनलाल चौधरी उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम रनेही थाना कोठी को गिरफ्तार किया था. जिन पर अवैध रूप से अज्ञात धर्मांतरण केंद्र से लाखों रुपये की फंडिंग के साथ धर्मांतरण कराने का आरोप था.
संगठनों के जोरदार प्रदर्शन के बीच हुई कार्रवाई
अब इस मामले पर आक्रोशित ग्रामीणों और संगठनों के जोरदार प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित जांच के बाद विवादित ढांचे को गिराने का भी आश्वासन दिया था. जिसे रविवार (1 फरवरी) को अमली जामा पहना दिया गया. प्रशासनिक अमला बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंचा और विवादित ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया.
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके पर सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर.बिरसिंहपुर तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा और चित्रकूट एसडीओपी राजेश बंजारे अपनी टीम के साथ डटे रहे, इतना ही नहीं अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गाँव के चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने ऐसे तत्वों को कड़ा संदेश दिया है जो नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त थे.



