राज्य

छिंदवाड़ा: बहू को मारने के लिए मिठाई में मिलाया ‘आर्सेनिक’, 3 की मौत, ससुर-देवर और ननद गिरफ्तार

छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस के अनुसार, यह पूरी साजिश मृतिका खुशबू द्वारा अपने ससुराल वालों पर लगाए गए बदनामी के आरोपों का बदला लेने के लिए रची गई थी. साजिश में मिठाई के अंदर आर्सेनिक मिलाया गया. इससे तीन लोगों की मौत हुई है.

खुशबू ने अपने ससुर झाड़ू कसार पर इलाज के बहाने गलत तरीके से छूने और देवर-ननद पर मारपीट के आरोप लगाकर उन्हें समाज में बदनाम किया था. इसी अपमान का बदला लेने के लिए ससुर, देवर शुभम और ननद शिवानी ने मिलकर खुशबू और उसके पूरे परिवार को खत्म करने का खौफनाक षड़यंत्र रचा.

‘आर्सेनिक’ दवाई का लिया सहारा

आरोपियों ने हत्या के लिए घोड़ों की ताकत बढ़ाने और उन्हें ठंड (शीत) से बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली घातक ‘सोमल’ (आर्सेनिक) दवा का सहारा लिया. दरअसल उनके घर में घोड़ा है. 8 जनवरी की मध्य रात्रि को ससुर झाड़ू कसार और देवर शुभम ने चेहरे पर कपड़ा बांधकर अपनी पहचान छुपाई और जुन्नारदेव स्थित खुशबू के पिता के चाय के ठेले पर जहरीली मिठाई से भरा थैला टांग दिया. 

लैब रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि इस मिठाई में आर्सेनिक की मात्रा सामान्य से हजारों गुना ज्यादा थी, जिसे पुलिस ने ‘असुरक्षित’ (Unsafe) घोषित किया है. इस जहरीली साजिश ने न केवल खुशबू, बल्कि दो अन्य निर्दोषों की भी जान ले ली. 

सबसे पहले गई गई चौकीदार दशरू की जान

सबसे पहले 9 जनवरी को पीएचई कार्यालय के चौकीदार दशरू यदुवंशी ने मिठाई खाई और दम तोड़ दिया. इसके बाद 10 जनवरी को खुशबू, उसके ससुर सुंदरलाल और परिवार के अन्य सदस्यों ने मिठाई का सेवन किया.

इस घटना में सुंदरलाल और खुशबू (बहु) की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि खुशबू की मां और बहन को गंभीर स्थिति में अस्पताल से बचा लिया गया. पुलिस और खाद्य एवं औषधि विभाग ने संबंधित मिठाई के एक-एक पीस जब्त किए थे. 

खाद्य विभाग के अधिकारी ने दी यह जानकारी

इस मामले फूड इंस्पेक्टर गोपेश मिश्रा ने बताया था कि इस मिठाई के अंदर अधिक मात्रा में आर्सेनिक पाया गया है  जो जानलेवा होता है. इसके बाद पुलिस ने शवों के विसरा और मिठाई के सैंपल की जांच के बाद पाया कि मौत का कारण वही आर्सेनिक था जो घोड़ों को दिया जाता है.

पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय के निर्देश पर जुन्नारदेव थाना प्रभारी राकेश बघेल और सायबर सेल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को थावरीकला से गिरफ्तार कर लिया है. 

पुलिस ने आरोपियों से बरामद किया ये सामान

आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई हीरो एचएफ डीलक्स बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 103(1), 109(1) और 61(2) के तहत हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है.

Input By : सचिन पांडे

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!