राज्य

झारखंड: ट्रिपल मर्डर से पलामू में सनसनी, अंधविश्वास के चलते 3 लोगों की हत्या, 2 की हालत नाजुक

झारखंड का पलामू ट्रिपल मर्डर से कांप गया है. डायन-बिसाही के अंधविश्वास के चलते तीन लोगों की जान चली गई है. वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव स्थित पुरानी बथान में डायन-बिसाही के अंधविश्वास को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. 

इस घटना में तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जानकारी के अनुसार, महेशी भुईया की मृत्यु के बाद उनके पुत्र प्रमोद भुईया एवं रविन्द्र भुईया ने गांव के ही कुछ लोगों पर डायन-बिसाही कराने का आरोप लगाया.

अंधविश्वास ने लिया हिंसक रूप

इसी अंधविश्वास और आपसी आरोप-प्रत्यारोप ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. हिंसक झड़प के दौरान 45 वर्षीय विजय भुईया और उनकी पत्नी 40 वर्षीय कलिया देवी, एवं 17 वर्षीय छोटू भुईया की मौके पर ही निर्मम हत्या कर दी गई.

वहीं इस घटना में 14 वर्षीय ममता कुमारी तथा पुत्रवधू नीतू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घायलों को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. 

स्थानीय लोगों ने क्या बताया?

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अब भी ओझा-गुणी और डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास गहराई से फैले हुए हैं, जिनके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती रहती हैं. घटना की सूचना मिलने के बावजूद चार घंटे तक पांकी थाना पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है. 

बताया जा रहा है कि घटना स्थल पर केवल चौकीदार की मौजूदगी रही, जबकि पुलिस की देरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पूरे गांव में दहशत का माहौल है. प्रशासन से ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले को लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!