जोधपुर: साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत पर पिता का छलका दर्द, बोले- ‘इंजेक्शन के बाद…’

जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की रहस्यमय मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. आरती नगर स्थित कुटिया पर गठित SIT टीम और पुलिस की ऑफिशियल टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की. इसी दौरान साध्वी के पिता विरमनाथ को भी कुटिया पर बुलाया गया, जहां उनसे विस्तार से पूछताछ की गई. जांच के बाद एबीपी न्यूज़ से खास बातचीत में विरमनाथ ने टूटे हुए शब्दों में कहा कि मैं अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए खुद यहां आया हूं. पुलिस जो भी पूछ रही है, मैं पूरा सहयोग कर रहा हूं.
‘इंजेक्शन के बाद बिगड़ी थी तबीयत’
पिता विरमनाथ ने बताया कि साध्वी प्रेम बाईसा अजमेर से रात को जोधपुर पहुंची थीं. उस समय उनके गले में खराश थी और तबीयत ठीक नहीं लग रही थी. इसी दौरान उन्होंने कुटिया में रहने वाले कंपाउंडर देवीसिंह को बुलाया. देवीसिंह ने आकर एक इंजेक्शन लगाया, लेकिन इंजेक्शन लगते ही बाईसा की तबीयत अचानक बिगड़ गई.
‘अस्पताल ले जाते समय दी CPR लेकिन नहीं बची जान’
उन्होंने बताया, ”इंजेक्शन लगते ही बेटी को घबराहट होने लगी. वह कमरे से बाहर निकली और दरवाजे तक पहुंची. उसकी हालत देखकर मैं भी घबरा गया. बिना देर किए बेटी को गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाना शुरू किया. रास्ते में उन्होंने खुद CPR भी दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने साध्वी प्रेम बाईसा को मृत घोषित कर दिया.”
‘काश समय रहते अस्पताल ले गया होता’
बातचीत के दौरान विरमनाथ बेहद भावुक हो गए. उन्होंने कहा, ”आज मुझे बहुत अफसोस हो रहा है. काश मुझे पता होता कि किसी भी तकलीफ में सीधे अस्पताल ले जाना चाहिए. किसी अन्य तरह का उपचार नहीं लेना चाहिए था. शायद मेरी बेटी आज जिंदा होती.”
न्याय की उम्मीद, पुलिस पर भरोसा-विरमनाथ
विरमनाथ ने साफ शब्दों में कहा कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है, और उन्हें पूरा विश्वास है कि पुलिस सच्चाई सामने लाएगी. उन्होंने आगे कहा, ”मेरी बेटी को न्याय चाहिए. पुलिस जरूर न्याय करेगी और मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगा.”
SIT की टीम हर एंगल से कर रही जांच
फिलहाल, SIT की टीम हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. इंजेक्शन, इलाज की प्रक्रिया, मौजूद लोगों की भूमिका और मेडिकल रिपोर्ट के अलावा अन्य सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. इसी कड़ी में साध्वी के पिता विरमनाथ से पूछताछ का दूसरा दौर शुरू किया गया. यह विश्लेषणात्मक पूछताछ बोरानाडा पुलिस थाने में की जा रही है.
पूरी पूछताछ प्रक्रिया डीसीपी विनीत बंसल, आईपीएस एडीसीपी रोशन मीणा की सीधी मॉनिटरिंग में चल रही है. वहीं, गठित एसआईटी की मुखिया एसीपी छवि शर्मा अपनी टीम के अन्य सदस्यों के साथ खुद पूछताछ कर रही हैं. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ को बेहद तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से अंजाम दिया जा रहा है.
प्रेम बाईसा के पिता के ड्राइवर से भी पूछताछ
इतना ही नहीं, साध्वी प्रेम बाईसा के पिता के ड्राइवर सुरेश कुमार से भी अलग से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू को जोड़ा जा सके. पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है.
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ-साथ बॉडी लैंग्वेज एनालिसिस के आधार पर भी जांच की जा रही है. पुलिस हर जवाब को तकनीकी और मनोवैज्ञानिक पैमानों पर परख रही है, ताकि कोई भी अहम सुराग हाथ से न निकल जाए.



