‘कर का बोझ न बढ़े, जनता को मिले राहत’, बजट 2026 को लेकर कुमार विश्वास की सरकार से गुजारिश

संसद में आज रविवार (1 फरवरी, 2026) को देश का आम बजट पेश हो रहा है. इसको लेकर कवि कुमार विश्वास ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी है. मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “मैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से निवेदन करता हूं कि वे ऐसा बजट प्रस्तुत करें जिससे कर वसूली के समय जनता को बोझ महसूस न हो और जब वह राजस्व जन कल्याण के लिए उपयोग किया जाए तो पूरा देश प्रसन्न हो. मुझे आशा है कि यह बजट भारतीयों, विशेषकर मध्यम वर्ग और किसानों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा.”
कुमार विश्वास ने एक कथा का उदाहरण देते हुए कहा कि बजट सूर्यवंशियों की तरह बनना चाहिए. जिस प्रकार सूरज नदी, समुद्र, तालाब,ग्लास से पानी सोखता है, लेकिन जब बरसता है तो सब पर एक जैसी बारिश करता है. उसी तरह वित्त मंत्री जी से गुजारिश की सभी का ध्यान रखा जाए.
वित्त मंत्री पेश कर रहीं हैं बजट
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण संसद में 11 बजे से शुरू है. माना जा रहा है कि बजट में कई बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं. शुरुआत में ही उन्होंने वित्तीय स्थिरता के लिए और ग्राहकों के हितों को देखते हुए बैंकिंग कमेटी बनाने के ऐलान किया. इसके साथ ही ओडिशा, केरल और छत्तीसगढ़ में माइनिग कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया. वहीं रेशम, जूट और उन के लिए एक राष्ट्रीय फाइबर योजना भी लाइ जाएगी. देश में 22 नए जलमार्ग बनाने का भी ऐलान वित्त मंत्री ने किया.
अखिलेश यादव ने कसा था तंज
इससे पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आम बजट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस सरकार से कोई उम्मीद नहीं, उसके बजट से कैसी उम्मीद. उन्होंने सरकार की पूर्व की कई योजनाओं के न पूरे होने का भी आरोप लगाया. उन्होंने इंदौर में पानी से मौतों और दिल्ली में प्रदूषित हवा का जिक्र किया था.



