रामपुर: आजम खान से पत्नी-बहन और बेटे ने जेल में की मुलाकात, 2 पैन कार्ड केस में बंद हैं सपा नेता

रामपुर जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आजम खान से पत्नी तंजीन फातिमा, बड़े बेटे अदीब आजम खान और बहन निखत अखलाक ने मुलाकात की है. सपा नेता से यह मुलाकात लगभग आधे से 1 घंटे चली. इस दौरान पत्नी-बेटे और बहन ने मीडिया से दूरी बनाई.
बता दें कि सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को पैन कार्ड से जुड़े मामले में (17 नवंबर 2025) को गड़बड़ी के आरोपों के चलते 7 साल की सजा सुनाई गई है. जिसकी वजह से वह अपने बेटे संग रामपुर जेल में बंद हैं.
रामपुर एमपी-एमएलए कोर्ट ने ठहराया दोषी
फर्जी पैन कार्ड में गड़बड़ी, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में कोर्ट ने उन्हें सजा सुनाई है. आरोप है कि अब्दुल्ला आजम ने अपने दो पैन कार्ड अलग-अलग जन्मतिथि के आधार पर बनवाए थे.
अब्दुल्ला आजम पर यह भी आरोप है कि चुनाव लड़ने के लिए उनके द्वारा दूसरा पैन कार्ड बनवाया गया. इसी वजह से उनके पिता आजम खान पर साजिश और सहयोग करने का आरोप लगा. इस मामले में रामपुर की शहर सीट से बीजेपी विधायक आकाश सक्सेना हनी ने मुकदमा दर्ज कराया था.
भाभी के इंतकाल में शामिल होने के लिए मांगी थी पैरोल
आजम खान ने (15 दिसंबर 2025) को अपनी भाभी के नमाज-ए-जनाजा में शामिल होने के लिए रामपुर जेल प्रशासन से पैरोल की मांग की थी. आजम खान के भांजे फरहान खान ने जिला मजिस्ट्रेट रामपुर को एक पत्र भेजकर आजम खान और अब्दुल्ला आजम को मुमताज पार्क के पास स्थित कब्रिस्तान में नमाज-ए-जनाजा में शामिल होने के लिए पैरोल की अनुमति देने का अनुरोध किया था.
फरहान खान ने पत्र में लिखा था कि प्रार्थी के मामा आजम खान और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम खान इस समय रामपुर जिला जेल में निरुद्ध हैं. आजम खान की भाभी सलमा शहनाज का इंतकाल हो गया है. उनका यह वैधानिक अधिकार है कि वे अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें.



