सऊदी अरब तक पहुंची यूपी पुलिस, CEIR पोर्टल से बरामद किए 25 लाख के 121 मोबाइल

उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले की सर्विलांस पुलिस टीम के हाथ तकनीक के सहारे बड़ी सफलता हाथ लगी है. विभिन्न राज्यों और विदेशों तक फैले 121 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए हैं. बरामद किए गए फोन की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है.
इस मामले में पुलिस की तकनीकी पकड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बरदहिया बाजार से गुम हुआ एक मोबाइल सऊदी अरब में ट्रेस कर बरामद किया गया. CEIR पोर्टल के जरिए सऊदी अरब से मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया. इसके अलावा बिहार, एमपी, गुजरात और बंगाल जैसे राज्यों से भी मोबाइल खोजे गए.
CEIR पोर्टल की मदद से मिली सफलता
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस को यह सफलता मिली है. भारत सरकार के CEIR पोर्टल के माध्यम से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है. इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद IMEI नंबर को ब्लॉक और ट्रेस करना आसान हो गया है.
इस शानदार कार्य के लिए एसपी ने सर्विलांस सेल प्रभारी अभिमन्यु सिंह व उनकी टीम को 25,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है. यह पुलिस की तकनीकी दक्षता और मेहनत का नतीजा है.
पुलिस की जनता से खास अपील
एसपी संदीप मीना ने जनता से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत आधार कार्ड, बिल और थाने की गुमशुदगी रिपोर्ट के साथ पोर्टल पर पंजीकरण कराएं. इससे मोबाइल को ट्रेस और बरामद करना आसान हो जाता है. यह मामला यह साबित करता है कि तकनीक का सही इस्तेमाल करके पुलिस देश-विदेश से भी चोरी के मोबाइल बरामद कर सकती है. CEIR पोर्टल आम नागरिकों के लिए एक कारगर उपकरण साबित हो रहा है.



