राज्य

बिहार: अपहरण मामले में CBI ने लखीसराय की महिला दारोगा को किया गिरफ्तार, पढ़ें पूरा मामला

लखीसराय स्थित भोजपुर के चर्चित निजी शिक्षक कमलेश राय अपहरण मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की. सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए लखीसराय टाउन थाना में पदस्थापित महिला दारोगा अंजली कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी पटना हाईकोर्ट के सख्त निर्देश के बाद तेज हुई. सीबीआई जांच के दौरान सामने आए अहम तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर की गई है.

वर्ष 2019 बैच की पुलिस अधिकारी अंजली कुमारी पर आरोप है कि उन्होंने अपहरण से जुड़े महत्वपूर्ण सबूतों को दबाने का प्रयास किया और जानबूझकर जांच की दिशा भटकाई. सीबीआई की कार्रवाई के बाद उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया है. वहीं विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, यह मामला उस समय सामने आया था जब भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत कोल्हरामपुर गांव निवासी निजी शिक्षक कमलेश राय रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे. कमलेश राय आरा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और एक निजी कोचिंग संस्थान में अध्यापन कार्य करते थे. परिजनों के अनुसार, वे एक रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए घर से निकले थे. लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और उनका कोई सुराग नहीं मिला.

अदालत के निर्देश पर सीबीआई को सौंपा गया मामला

स्थानीय पुलिस की जांच से असंतुष्ट परिजनों ने पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर की. जिसके बाद अदालत के निर्देश पर यह मामला सीबीआई को सौंपा गया. सीबीआई ने जांच के क्रम में पहले ही मुख्य आरोपी रूपेश कुमार चौबे को गिरफ्तार किया था. पूछताछ और डिजिटल डाटा के विश्लेषण के दौरान महिला दारोगा की भूमिका संदिग्ध पाई गई.

महिला दारोगा की गिरफ्तारी के बाद मचा हड़कंप

जांच एजेंसी को कुछ अहम ऑडियो क्लिप और डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच जारी है. सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अब कमलेश राय की बरामदगी को लेकर गंभीरता से प्रयास कर रही है. आसपास के जिलों में मिले अज्ञात शवों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. महिला दारोगा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस सनसनीखेज मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.

ये भी पढ़िए- बिहार में खुलेंगे कॉल सेंटर! नीतीश सरकार ने GCC नीति को दी मंजूरी, कंपनियों को मिलेगी सब्सिडी

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!