Delhi Weather: दिल्ली में फिर होगी बारिश, बढ़ेगी ठंड! पहाड़ों पर बर्फबारी से होगी मुश्किल, जानें IMD अपडेट

जाती हुई जनवरी के साथ एक बार फिर उत्तर भारत में ठंड का कहर तेज होता नजर आ रहा है. पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में शीतलहर ने जनजीवन को काफी प्रभावित कर दिया है. देश की राजधानी भी पूरी तरह इसके चपेट में है. दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक ठंड, कोहरा और बारिश का असर देखा जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले 72 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है.
उत्तर भारत में क्यों बिगड़ रहा मौसम का हाल
पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण तापमान नीचे बना हुआ है. सुबह और रात के समय शीतलहर ज्यादा असर दिखा रही है. हालांकि दोपहर में हल्की धूप से तापमान बढ़ रहा है, लेकिन ठंडी हवाएं परेशानी बढ़ा रही हैं. यही वजह है कि दिल्ली अथवा बाकी मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाएं बनी हुई है.
IMD के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह मौसमीय बदलाव आया है. इसकी वजह से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे. कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो सकती है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले कुछ दिन मौसम चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं.
दिल्ली-NCR और पहाड़ी राज्यों का ताजा अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह दिल्ली-NCR में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ठंडी हवाओं के कारण सर्दी ज्यादा महसूस हो रही है. दोपहर में तापमान 21 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाएं मौसम को ठंडा बनाए रखेंगी.
वहीं पहाड़ी राज्यों में हालात ज्यादा गंभीर हैं. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के चलते कई नेशनल हाईवे बंद हैं. जगह-जगह वाहन फंसे हुए हैं और पर्यटकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. IMD ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में हालात फिलहाल सामान्य होने की संभावना कम है.



