भारत का अब तक का सबसे बेहतर पीएम कौन? नरेंद्र मोदी या इंदिरा गांधी, सर्वे के नतीजों ने चौंकाया

देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के कार्यकाल की लोग अक्सर तुलना करते हैं. इंडिया टुडे-सी वोटर के ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) ने इसे लेकर सर्वे किया है. सर्वे में 50 फीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी को देश का अब तक का सबसे बेहतर प्रधानमंत्री बताया है. वहीं इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी 12-12 फीसदी लोगों ने अब तक का सबसे बेहतर पीएम बताया है.
नेहरू को कितने फीसदी लोगों ने बताया बेहतर
सी-वोटर के सर्वे में 11 फीसदी लोगों ने डॉ. मनमोहन सिंह को तो 6 फीसदी लोगों ने जवाहरलाल नेहरू ने सबसे बेहतर पीएम बताया. इसमें 55 फीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी को मौजूदा समय में पीएम का सही दावेदार बताया है. वहीं 27 फीसदी लोगों ने मौजूदा पीएम के तौर पर राहुल गांधी पर भरोसा जताया है.
2024 के लोकसभा चुनाव के बाद देश की राजनीति में बदलाव का माहौल बनने लगा था. इसकी सबसे बड़ी वजह उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में बीजेपी का खराब प्रदर्शन था. यूपी में अखिलेश और राहुल गांधी की जोड़ी ने बीजेपी को पछाड़ा तो ऐसा लगने लगा कि कुछ दिनों में राजनीति करवट बदल सकती है, लेकिन फिर बीजेपी ने जोरदार वापसी की.
लोकसभा चुनाव में खोई जमीन बीजेपी ने वापस पा ली
लोकसभा चुनाव के बाद पूरे देश की नजर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर थी, जहां बीजेपी की स्थिति अच्छी नहीं थी. हालांकि फिर बीजेपी की अगवाई वाली महायुति ने जमीनी स्तर पर फिर से संगठन को एक किया और विधानसभा चुनाव में ऐसा प्रदर्शन किया कि विपक्ष आसपास भी नजर नहीं आई. इस चुनाव में बीजेपी को 132, शिवसेना (शिंदे) को 57, एनसीपी को 41 सीटें मिली थी.
पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ हुए सीजफायर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद को क्रेडिट दे दिया. हालांकि भारत ने अलग-अलग मंचों से कई बार कहा है कि सीजफायर में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं थी. अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे के बाद कांग्रेस पीएम मोदी पर हमलावर हो गई और पाकिस्तान के खिलाफ उनकी तुलना इंदिरा गांधी से करने लगी.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था, ‘इंदिरा गांधी महिला थीं, लेकिन इस मर्द (नरेंद्र मोदी) से ज्यादा दम उनमें था. नरेंद्र मोदी डरपोक हैं. 1971 में इंदिरा गांधी अमेरिका से नहीं डरीं, उनके आगे नहीं झुकीं. नरेंद्र मोदी में दम है तो कह दें कि ट्रंप ने ऑपरेशन सिंदूर नहीं रुकवाया.’



