देहरादून में 2 कश्मीरी लड़कों को नाम पूछकर पीटा, उमर अब्दुल्ला ने CM धामी से की फोन पर बात

देहरादून से जातिवाद का एक मामला सामने आया है, जहां दो कश्मीरी नाबालिग लड़कों को उनका नाम और पता पूछकर पीटा गया. इस मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है.
दरअसल, यह दोनों युवक कश्मीर के रहने वाले हैं और प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ यह दोनों युवक विकास नगर थाना क्षेत्र की एक दुकान में चिप्स का पैकेट लेने पहुँचे थे. युवकों की भाषा और पहनावे को देखते हुए दुकान के पास ही बैठे कुछ अन्य युवकों ने उनसे सवाल जवाब करने शुरू कर दिए.
उमर अब्दुल्ला ने सीएम धामी से की बात
उमर अब्दुल्ला के ऑफिस से इस मामले पर जानकारी दी गई. जिसमें बताया गया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है. उनसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया. जिस पर पुष्कर सिंह धामी ने आश्वासन दिया कि मामले में एफआईआर दर्ज करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी और जम्मू-कश्मीर के निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी.
कश्मीरी बताने पर बेरहमी से पीटा
पीड़ित किशोरों ने जब बताया कि वह दोनों कश्मीर के रहने वाले हैं, तो पहलगाम में हुए आतंकी हमले का हवाला देते हुए दोनों ही किशोरों को स्थानीय युवकों ने बेरहमी से पीट दिया. इस हमले के बाद कश्मीरी युवकों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया.
पिटाई के बाद एक की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें देहरादून अस्पताल रेफेर कर दिया गया. इस पूरी घटना में एक कश्मीरी युवक की हालत नाजुक है. उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि सिर में गंभीर चोटें आई हैं.
एसोसिएशन ने लगाए लोहे की रॉड से पीटने के आरोप
जम्मू एंड कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन के मुताबिक हमलावरों ने पहले युवक से उसकी पहचान को लेकर पूछताछ की. जब उन्हें पता चला वह कश्मीरी है और मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखता है, तो विवाद ने आक्रामक रूप ले लिया और विवाद मारपीट में तब्दील हो गया.
संगठन का आरोप है कि युवक को लोहे की रॉड से भी पीटा गया जिस से युवक के सर से खून बहने लगा और शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी आ गए JKSA के अनुसार यह पूरा मामला सांप्रदायिक प्रोफाइलिंग और भीड़ द्वारा की गई हिंसा से सम्बंधित है और इस तरह के मामले अब उत्तराखंड में लगातार बढ़ते हुऐ नजर आ रहे हैँ जिस पर सूबे के मुख्यमंत्री को संज्ञान लेकर कड़ी क़ानूनी कार्यवाही की जरुरत है
2 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस पूरे मामले के घटित होने के बाद प्रोविजन स्टोर के मालिक संजय यादव और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा आरोपी संजय को हिरासत में लेते हुऐ पूछताछ शुरू की जा चुकी है.
देहरादून SSP अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ताओं द्वारा दर्ज की गई FIR के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुऐ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है जिसके बाद आरोपियों को जल्द न्यायालय में पेश किया जायेगा बता दें यह मुकदमा BNS117(2) और BNS 352 की धाराओं में पंजीकृत किया गया है
Input By : शुभम सैमवाल



