राज्य

पंजाब: एक सैंडविच के लिए हेड कांस्टेबल की चाकू मारकर हत्या, गिरफ्तार 6 आरोपियों में दो नाबालिग

पंजाब के पटियाला जिले में एक बेहद मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसमें एक हेड कांस्टेबल की जान चली गई. सैंडविच के भुगतान को लेकर हुए झगड़े में हेड कांस्टेबल अमनदीप सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

मृतक अमनदीप सिंह नाभा के रहने वाले थे और पटियाला के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में तैनात थे. पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी को अमनदीप सिंह अपने भाई के साथ एक भोजनालय में खाना खाने गए थे. उस समय वे वर्दी में नहीं थे. खाना खाने के दौरान भुगतान को लेकर दुकान पर मौजूद एक युवक से उनकी बहस हो गई. अमनदीप सिंह का कहना था कि वे खाना खत्म करने के बाद पैसे दे देंगे, लेकिन इसी बात पर विवाद बढ़ गया.

एक ही चाकू से दो बार किया गया वार- एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वरुण शर्मा ने बताया कि बहस के दौरान उस युवक ने फोन पर किसी से बात की, जिसके बाद उसके छह से सात साथी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद सभी ने मिलकर अमनदीप सिंह पर हमला कर दिया. आरोप है कि एक ही चाकू से पीछे से दो बार वार किया गया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस हमले में उनके भाई को भी गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है.

36 घंटे के भीतर सभी छह आरोपी गिरफ्तार

पटियाला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 36 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशी, हीरा, राहुल, कैफ, रिकी और दो नाबालिगों के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पंजाब में दुकानदार की गोली मारकर हत्या

वहीं, पंजाब के गुरदासपुर जिले से भी एक और हत्या की खबर सामने आई है. डेरा बाबा नानक इलाके में दवा की दुकान चलाने वाले 45 वर्षीय रणबीर सिंह बेदी को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी. गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

ये भी पढ़िए – तेजस्वी यादव पर तेज प्रताप यादव का तंज, बोले- ‘हारने वाले को ही जिम्मेदारी…’

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!