राज्य

राजस्थान: पाली में हैवानियत की हदें पार, सांड को पेट्रोल डालकर जलाया, आग में लिपटा दौड़ता रहा बेजुबान

राजस्थान के पाली में रायपुर उपखंड क्षेत्र के पिपलिया कला गांव से एक बेहद अमानवीय और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां कुछ युवकों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए एक बेजुबान सांड के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आग की लपटों में घिरा सांड दर्द और घबराहट में गांव की गलियों में आग के गोले की तरह दौड़ता नजर आया. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए सांड को काबू किया और आग बुझाई. मौके पर पहुंची गांव सेवा समिति के सदस्यों ने सांड को इलाज के लिए गौशाला भिजवाया. मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर बेहद आक्रोश है.

क्या है पूरा मामला ?

घटना रविवार 25 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है. सर्दी के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में दुबके हुए थे और गांव की गलियां लगभग सुनसान थीं. इसी दौरान अचानक एक सांड जलता हुआ गली में दौड़ता दिखाई दिया, जिसके शरीर में आग लगी हुई थी और वह दर्द से इधर-उधर भाग रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक अलाव ताप रहे थे, तभी सांड को पेट्रोल डालकर आग के हवाले किया गया. इस भयावह दृश्य को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई. तत्काल गांव की सेवा समिति को सूचना दी गई.

बमुश्किल बुझाई गयी आग

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सांड को काबू में किया और उसके शरीर में लगी आग को बुझाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सांड को गौशाला पहुंचाया गया. अभी तक इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है. स्थानीय पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद मामला संज्ञान में आने की बात कही है. जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

उधर इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में युवकों की इस हरकत को लेकर काफी नाराजगी है. उनके मुताबिक ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि फिर कोई ऐसी हिमाकत न कर सके.

 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!