राज्य

UGC के नए नियमों पर दिग्विजय चौटाला का बड़ा बयान, ‘एक तरफ हिंदू राष्ट्र की बात और…’

यूजीसी के नए नियमों को लेकर हंगामे के बीच जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें जो फंडामेंटल राइट दिया है, BJP ने उसके साथ खिलवाड़ का प्रयास किया. जहां अन्याय होता है, उस पर कार्रवाई करना पुलिस का अधिकार है. नए कानून से मतभेद उभरे और इससे जातियों के बीच दरार पैदा होगी.

दिग्विजय चौटाला ने कहा, ”एक तरफ आप हिन्दू राष्ट्र की बात करते हो, दूसरी तरफ नई पीढ़ी को बांटने का प्रयास हो रहा है. UGC के जरिए देश को पीछे ले जाने का काम हो रहा है. इस बिल पर एक दिन सरकार को रोल बैक करना होगा.”

UGC पर विवाद के बीच SC में 29 जनवरी को सुनवाई

उधर, यूजीसी के नियमों को लेकर जारी विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार (29 जनवरी) को सुनवाई होनी है. सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के हाल में नोटिफाइड नियम को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए बुधवार (28 जनवरी) को सहमति जताई है. याचिका में दलील दी गई है कि नियम में जाति-आधारित भेदभाव की गैर-समावेशी परिभाषा अपनाई गई है और कुछ कैटेगरी को संस्थागत संरक्षण से बाहर रखा गया है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग करने वाले वकील की दलीलों पर गौर किया.

यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ प्रदर्शन

भेदभाव की शिकायतों की जांच और समता को बढ़ावा देने के लिए सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में समता समिति गठित करने को अनिवार्य करने वाले नए नियम 13 जनवरी को नोटिफाइड किए गए थे. UGC विनियम, 2026 के तहत इन समितियों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांगजन और महिलाओं के प्रतिनिधियों को शामिल करना अनिवार्य किया गया है. यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ देश में अलग-अलग जगहों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं और इसे वापस लेने की मांग की जा रही है.

SYL को लेकर दिग्विजय चौटाला क्या बोले?

दिग्विजय चौटाला बुधवार (28 जनवरी) को जेजेपी के युवा योद्धा सम्मेलन में पहुंचे थे. SYL पर हरियाणा और पंजाब के सीएम की सयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर दिग्विजय चौटाला ने दावा करते हुए कहा कि जेजेपी जिस दिन सत्ता में आएगी, उस दिन SYL का हल करेगी. अभय चौटाला के बयान पर कि इनेलो ही SYL का पानी लाएगी, दिग्विजय चौटाला ने कहा, ”जुबान के आगे मैदान पड़ा है, वो कुछ भी बोल सकते हैं, बोलने से क्या होगा?

Input By : सुमित भारद्वाज

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!