राज्य

बिहार: पूर्णिया के बड़े व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, जान बचाकर भागे प्राइवेट गार्ड और भाई

बिहार के पूर्णिया में शहर के बड़े व्यवसायी सूरज बिहारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. मंगलवार (27 जनवरी, 2026) को वे अपनी गाड़ी से उतर ही रहे थे कि बदमाशों ने अंधाधुंध गोली चला दी. फायरिंग के दौरान तीन गोली जाकर सूरज को लग गई. बचाव में गए प्राइवेट गार्ड और फुफेरे भाई पर भी दो राउंड गोली चली. ऐसे में जान बचाकर ये दोनों भाग निकले. यह घटना मरंगा थाना क्षेत्र के नेवा लाल चौक के समीप की है. 

मृतक की पहचान शहर के सदर थाना क्षेत्र के खुश्किबाग चौहान टोला निवासी जवाहर यादव के बेटे सूरज बिहारी के रूप में हुई है. सूरज शहर के सबसे बड़े मक्का गोदाम के मालिक थे. मर्डर का आरोप नेवा लाल चौक के रहने वाले दो भाई ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह पर लगा है. वारदात के बाद से ये लोग फरार हैं.

क्या है घटना का कारण?

प्राइवेट गार्ड प्रेम कुमार ने बताया कि सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर व्यवसायी सूरज बिहारी के भाई उदय यादव और उनके दोस्तों से ब्रजेश और नंदू सिंह की आपसी कहासुनी हुई थी. उस दिन ये विवाद किसी तरह सुलझा लिया गया था. आज (मंगलवार) सुबह दोबारा से ब्रजेश और नंदू ने सूरज के छोटे भाई उदय के ब्लॉगर दोस्त को घेर लिया. मारपीट करने लगे. इस पर ब्लॉगर दोस्त ने फोन कर उदय को बुलाया. उदय के वहां पहुंचते ही दोनों ने उसे भी बंधक बना लिया और मारपीट करने लगे.

उदय ने बड़े भाई सूरज बिहारी को फोन कर पूरी बात बताई. सूरज भी आनन-फानन में अपने प्राइवेट गार्ड प्रेम कुमार को लेकर नेवा लाल चौक पार्क के लिए रवाना हुए. आरोप है कि सूरज ब्लैक स्कॉर्पियो से उतरे ही थे कि 20 से 25 गुर्गे के साथ खड़े नंदू और बृजेश सिंह अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे. तीन गोली सूरज बिहारी को लगी. पहली गोली पीठ, दूसरी कमर से ऊपर और तीसरी बाह में मारी गई. गोली लगने से मौके पर मौत हो गई.

उन्हें बचाने आगे आए गार्ड और फुफेरे भाई पर भी दो गोली चलाई गई तो वे लोग किसी तरह जान बचाकर भागे. सूचना मिलते ही मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार और सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहले नेवा लाल चौक और फिर वहां से हॉस्पिटल पहुंचे. परिजनों का बयान दर्ज किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें- Patna News: पटना से सटे बिहटा में कुएं से मिली युवक की लाश, कल से लापता था, परिजन बोले- हत्या हुई

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!