Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत ने पाकिस्तान को दिया झटका, आसमान में गरजे ऑपरेशन सिंदूर वाले फाइटर जेट

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की तरफ से किए एक दावे की पोल आज कर्तव्य पथ पर खुल गई. पाक का दावा भारतीय वायुसेना ने सिरे से खारिज कर दिया था. पड़ोसी मुल्क की तरफ से कहा गया था कि भारतीय वायुसेना के बीएस-22 फाइटर जेट को मार गिराया था. लेकिन यह दावा उस समय पूरी तरह से गलत हो गया जब सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस आयोजन पर इसी लड़ाकू विमान ने फ्लाई पास्ट में हिस्सा लिया.
कर्तव्य पथ पर ऑपरेशन सिंदूर का फॉर्मेशन बनाकर गुजरे वायुसेना के विमान
सोमवार यानी 26 जनवरी के मौके पर कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस का आयोजन किया गया. इस दौरान भारतीय वायुसेना का पराक्रम भी देखने को मिला. इस दौरान भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर फॉर्मेशन बनाकर देश को गर्व करने का मौका दिया. ऑपरेशन सिंदूर फॉर्मेशन में भारतीय वायुसेना के विमान गुजरे. इस दौरान पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा. इसमें बीएस-22 के अलावा दो राफेल, 2 सुखोई, 2 मिग 29 और एक जगुआर लड़ाकू विमान शामिल था. कैप्टन रघुवंशी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर का फॉर्मेशन बनाया गया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश के 77वे गणतंत्र दिवस समारोह का नेतृत्व किया. इस मौके पर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन बतौर चीफ गेस्ट कार्यक्रम में शामिल हुए.
पीएम मोदी गैलरी में बैठे लोगों से मिले
आयोजन में मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन समारोह खत्म होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बग्घी में बैठकर राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो गए. पीएम मोदी गैलरी में बैठे लोगों से मिलने पहुंचे. इस बीच लोगों ने पीएम मोदी के समर्थन में नारे भी लगाए. इसके बाद उन्होंने लोगों का अभिवादन किया और कर्तव्य पथ से रवाना हो गए.



