राज्य

जोधपुर: नाराज जीजा ने साले की नाक काटी, फिर उसे हाथ में लेकर बनाया वीडियो, वजह जान उड़ जाएंगे होश

जोधपुर में पत्नी की दूसरी शादी से आहत एक युवक इस कदर बदले की आग में जल उठा कि उसने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं. जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के लूणी थाना क्षेत्र से सामने आई इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां एक जीजा ने अपने ही साले की नाक काट दी और कटी हुई नाक को अपने साथ लेकर फरार हो गया. हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने इस जघन्य वारदात का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

कार में बैठकर दिखाई कटी नाक

वायरल वीडियो में आरोपी युवक कार के अंदर बैठा नजर आ रहा है और उसके हाथ में कटी हुई नाक साफ दिखाई दे रही है. वीडियो में वह खुद का नाम सहीराम मंडावर बताते हुए कहता है कि उसने अपने ससुराल फिंच गांव जाकर साले की नाक काट दी है. वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

चार महीने पहले पत्नी ने की दूसरी शादी

पुलिस के अनुसार आरोपी सहीराम (26 वर्ष) की शादी बचपन में ही हो गई थी, लेकिन दांपत्य जीवन शुरू नहीं हो पाया. करीब चार महीने पहले उसकी पत्नी ने आर्य समाज में किसी अन्य युवक से दूसरी शादी कर ली. सहीराम को शक था कि इस दूसरी शादी के पीछे उसके साले अशोक (30 वर्ष) की अहम भूमिका है. इसी शक और नाराजगी ने उसे खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया.

मौका पाकर धारदार हथियार से काटी नाक

रविवार (25 जनवरी) शाम करीब 4:30 बजे फिंच गांव में सहीराम ने मौका पाकर अपने साले अशोक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में उसने अशोक की नाक काट दी और उसे अपने साथ लेकर फरार हो गया. गंभीर हालत में घायल अशोक को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे जोधपुर एम्स रेफर किया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.

पुलिस ने बनाई अलग-अलग टीमें

घटना की सूचना मिलते ही लूणी थाना पुलिस हरकत में आ गई. थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की गई है और उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस आरोपी की संभावित लोकेशन पर लगातार दबिश दे रही है.

इलाके में दहशत, रिश्तों की हैवानियत पर सवाल

इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पत्नी की दूसरी शादी के शक ने जिस तरह एक व्यक्ति को हैवान बना दिया, उसने समाज में रिश्तों की नाजुकता और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!