‘आने वाले वक्त में पूरे महाराष्ट्र को हरे रंग में…’, सहर शेख के समर्थन में इम्तियाज जलील का बड़ा बयान

महाराष्ट्र निकाय चुनाव के बाद एआईमआईएम की पार्षद सहर शेख के बयान पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है. अब इस बीच उनकी पार्टी सहर शेख के सपोर्ट में उतर गई है. पार्टी के महाराष्ट्र प्रमुख इम्तियाज जलील ने पार्षद सहर शेख के बयान का समर्थन करते हुए कहा है कि सहर शेख का बयान पार्टी का बयान है और हम आने वाले दिनों में पूरे महाराष्ट्र को हरा कर देंगे.
एआईएमआईएम नेता इम्तियाज जलील ने कहा, ”जिसको भौंकना है वो भौंकते रहें, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है. आपने इस देश को रंगों के अनुसार बांट दिया है. जिन लोगों की घटिया सोच होती है वो फालतू में ऐसी बातों में लगे रहते हैं. भाजपा के एक ये मंत्री रोज जहर उगलते रहते हैं. एक महिला नेता रोज उटपटांग बातें कहते रहती हैं. किस कानून के तहत नोटिस दिया है. किस सेक्शन के तहत नोटिस दिया है. इस एक बच्ची को किस बुनियाद पर आपने नोटिस इश्यू किया है?”
पार्टी पूरी तरह सहर के साथ खड़ी- इम्तियाज जलील
इम्तियाज जलील ने आगे कहा, ”हम इस बच्ची सहर शेख के स्टेटमेंट से कभी किनारा नहीं कर रहे हैं. आने वाले वक्त में हम महाराष्ट्र के अंदर हरे रंग के झंडे फहरायेंगे. सहर ने जो भी स्टेटमेंट दिया है वह पार्टी का स्टेटमेंट है. पार्टी पूरी तरह सहर के साथ खड़ी है. वो कौन होता है हमें बताने वाला. जो जिस लहजे में बात करेगा हम उससे उसी लहजे में बात करेंगे. मैं तो पूरे देश को हरा करने की बात कर रहा हूं. हरा भरा करने की बात कर रहा हूं. मुंब्रा को हरा भरा करने की बात कर रहा हूं.”
क्या कानून हमारे लिए अलग है- इम्तियाज जलील
सहर शेख के ऊपर प्रेशर बनाया गया इसलिए हमने अपने आपको लोगों के लिए नरम किया. यहां काम सबके लिए होगा, हमारी जीत से इनको परेशानी हुई. पढ़ी लिखी लड़की उसके परिवार को सताया गया टिकट देने के नाम पर उसको आप नोटिस दे रहे हैं. बीजेपी की महिला नेता (नवनीत राणा) को क्या कभी आपने उनको नोटिस दिया है? कानून हमारे लिए अलग है क्या?”



