राज्य

राजस्थान: बीजेपी प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी का निशाना, ‘झूठ बोलना कांग्रेस की पुरानी आदत’

बीजेपी प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में काम से ज्यादा योजनाओं के नामकरण की राजनीति की. उन्होंने दावा किया कि अगर कांग्रेस के इतिहास को खंगाला जाए तो करीब 600 से ज्यादा ऐसी योजनाएं मिल जाएंगी, जिनमें जबरन गांधी–नेहरू परिवार के नाम जोड़कर उन्हें लागू किया गया.

‘हल्ला करना और झूठ बोलना कांग्रेस की आदत’

श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि आज कांग्रेस जिस तरह झूठे आरोप लगाकर हल्ला मचा रही है, उससे बीजेपी डरने वाली नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हल्ला करना और झूठ बोलना कांग्रेस की पुरानी आदत है.

बीजेपी की राजनीति काम और नतीजों पर आधारित है, न कि बेबुनियाद आरोपों पर. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता अब सब समझती है और सिर्फ काम करने वालों पर ही भरोसा करती है.

प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे थे. यहां बीजेपी कार्यालय में उन्होंने ‘वीबी जी राम जी’ योजना को लेकर पत्रकारों से विस्तार से बातचीत की.

इस दौरान मंच पर जिला प्रभारी संजय जैन ताऊ, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक गोपाल खंडेलवाल, जब्बर सिंह सांखला, लादूलाल पीतलिया, लालाराम बैरवा, वीबी जी रामजी जिला संयोजक बाबूलाल आचार्य और जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया भी मौजूद रहे.

बगड़ी ने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 1980 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कई रोजगार योजनाओं को मिलाकर ‘राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना’ का नाम दिया.

बाद में राजीव गांधी ने इसका नाम बदलकर ‘जवाहर रोजगार योजना’ कर दिया. इसके बाद फिर नाम बदलकर ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम’ यानी मनरेगा कर दिया गया.

उन्होंने सवाल उठाया कि जब बार-बार नाम बदले गए, तो क्या यह पहले के नामों का अपमान नहीं था? बगड़ी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हर योजना में गांधी-नेहरू परिवार का नाम जोड़कर सिर्फ एक परिवार को खुश करने की राजनीति की.

‘मोदी सरकार में नाम नहीं, काम बोलता है’

बीजेपी प्रदेश महामंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की पहचान नामकरण नहीं, बल्कि काम है. मोदी सरकार ने किसी भी योजना का नाम न तो पार्टी के नाम पर रखा और न ही किसी परिवार के नाम पर.

बीजेपी की नीति साफ है, जनहित सबसे ऊपर और हर काम का हिसाब जनता के सामने. उन्होंने कहा कि आज केंद्र की योजनाएं जमीन पर दिख रही हैं और लोगों की जिंदगी में बदलाव ला रही हैं.

मनरेगा में भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

मनरेगा को लेकर बगड़ी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि इस योजना में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों की सभी जांचें एक जगह संकलित कर ली गई हैं. जहां-जहां फर्जी जॉब कार्ड और गड़बड़ियां मिली हैं, वहां भुगतान रोक दिया गया है.

उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया है, वे सलाखों के पीछे जाएंगे और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. जांच जारी है और दोषियों को सजा मिलना तय है.

भीलवाड़ा में हुई इस वार्ता के जरिए बीजेपी ने एक बार फिर कांग्रेस की नाम की राजनीति के मुकाबले अपनी काम की राजनीति को जनता के सामने रखा. साथ ही मनरेगा में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सख्त संदेश दिया कि बीजेपी सरकार में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होकर रहेगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!