राज्य

Punjab Weather: पंजाब में ओलावृष्टि-बारिश के बाद बढ़ी ठंड, जानिए अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश के कारण मौसम ने करवट ली है. बीती रात से आज यानी शुक्रवार सुबह तक तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से ठंड में वृद्धि हुई है. जालंधर में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिसके बाद तेज हवाएं चलती रहीं. बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में भी गिरावट आई है. सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री होशियारपुर में दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार 23 जनवरी को पूरा दिन मौसम खराब रहेगा. रुक-रुक कर दिन भर बारिश होने की संभावना है. बारिश की संभावना 78 प्रतिशत तक है. जालंधर समेत आसपास के अमृतसर और लुधियाना में भी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अगले दो दिन बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

इन इलाकों में आज बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओले पड़ सकते हैं.

वहीं फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और मलेरकोटला के कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इन इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.

उत्तरी भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय

उत्तरी भारत में इस समय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है. इसके साथ ही उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बना एक मौसमी चक्र भी इससे जुड़ गया है, जिसके कारण इसका प्रभाव और बढ़ गया है. 26 जनवरी 2026 से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव आ सकता है.

तापमान चार डिग्री तक बढ़ेगा

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को ज्यादातर इलाकों में बारिश हो सकती है. इसके बाद 27 और 28 जनवरी को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि 24 और 26 जनवरी को इक्का-दुक्का स्थानों पर बारिश हो सकती है.

अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. इसके बाद के अगले 48 घंटों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक घट सकता है. फिर तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना है.

अगले तीन दिन मौसम कैसा रहेगा?

24 जनवरी – अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम बारिश हो सकती है.

25 जनवरी – राज्य के कुछ इलाकों में घना कोहरा पड़ने की संभावना है. मौसम सूखा रहने की संभावना है.

26 जनवरी – फिलहाल किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और नवांशहर के कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम बारिश हो सकती है.=

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!