राज्य

सिरोही: CM भजनलाल ने किसानों के खाते में भेजे 653 करोड़ रुपये, कांग्रेस पर साधा निशाना

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार (22 जनवरी) को सिरोही जिले के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह में शिरकत करते हुए प्रदेशवासियों को करोड़ों रुपये की जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात दी. राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और ‘ग्राम उत्थान शिविर-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया.

मुख्यमंत्री ने तकनीक का उपयोग करते हुए रिमोट के माध्यम से किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के लाखों किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित (DBT) की. इसके अलावा विभिन्न अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी करोड़ों रुपये की सहायता राशि डिजिटल माध्यम से भेजी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है.

भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: ‘जांच की आंच पूर्व सीएम आवास तक’

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने विशेष रूप से 2019 की भर्ती परीक्षा में ओएमआर (OMR) शीट में हुई धांधली का जिक्र करते हुए कहा, “इस घोटाले के तार पूर्व मुख्यमंत्री के आवास तक जुड़ रहे हैं. उनके ओएसडी (OSD) की गिरफ्तारी इस बात का सबूत है कि भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी थीं.” उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

विपक्ष पर कटाक्ष: ‘विकास न दिखे तो लगवाएंगे आंख जांच शिविर’

विपक्ष द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे निष्क्रियता के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने चुटीले अंदाज में कहा, “जिन लोगों को राजस्थान में हो रहा विकास दिखाई नहीं दे रहा है, सरकार उनके लिए विशेष रूप से आंखों की जांच का शिविर लगवाने को तैयार है.” उन्होंने कहा कि आज राजस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है.

सिरोही में हुआ भव्य स्वागत

इससे पहले, विशेष विमान से सिरोही हवाई पट्टी पहुँचने पर मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की अगवानी की. स्थानीय परंपरा के अनुसार, मुख्यमंत्री को साफा पहनाया गया और तलवार व ढाल भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया. इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जालोर, पाली और सिरोही जिलों के हजारों लोग और कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

Input By : तुषार पुरोहित

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!