देश

बैंकॉक से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में बवाल, केबिन क्रू ने की यात्रियों से बदसलूकी, जानें क्या है पूरा विवाद

एयर इंडिया की बैंकॉक से दिल्ली आ रही अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में खाने को लेकर हुए विवाद ने यात्री अधिकारों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वायरल वीडियो के मुताबिक यात्री अभिषेक चौधरी ने आरोप लगाया है कि पहले से बुक किया गया नॉन-वेज मील मांगने पर केबिन क्रू ने उनके और एक विदेशी यात्री से बदसलूकी की.  शिकायत करने पर पायलट की ओर से उन्हें चेतावनी पत्र भी थमा दिया गया.

घटना का वीडियो भी जारी किया गया है
यात्री 19 जनवरी को अपने 22 साल के कजिन के साथ यात्रा कर रहे थे. उन्होंने फ्लाइट में ही एक वीडियो रिकॉर्ड किया  जिसमें बगल में बैठे एक फ्रांसीसी यात्री ने भी स्टाफ के व्यवहार को अपमानजनक बताया. उसका कहना था कि जब उसने अपना नॉन-वेज खाना मांगा तो सख्त लहजे में बात की गई और टिकट दिखाने को कहा गया. उसने कहा कि उसे इंसान नहीं बल्कि “कुत्ते” जैसा महसूस कराया गया.

यात्री ने क्या बताया है? 
यात्री के मुताबिक टिकट बुक करते वक्त उन्होंने अपने लिए वेज और कजिन के लिए नॉन-वेज मील पहले से चुन लिया था. इसके बावजूद कजिन को खाना नहीं दिया गया. जब उन्होंने ई-मेल से बुकिंग डिटेल दिखाईं तो भी स्टाफ ने उन पर ही खाना लौटाने का आरोप लगा दिया.

पायलट ने यात्री को थमाया चेतावनी पत्र
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो केबिन क्रू ने बातचीत बंद कर दी. कुछ ही देर बाद पायलट की ओर से उन्हें एक चेतावनी पत्र दिया गया जिसमें कहा गया कि उनके व्यवहार से फ्लाइट में माहौल खराब हो रहा है. आरोप है कि पूरे सफर के दौरान उनके कजिन को खाना नहीं मिला और दोनों यात्रियों से सम्मानजनक तरीके से बात नहीं की गई. एयर इंडिया ने कहा है कि वह वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!