मुरादाबाद में प्रेम प्रसंग के चलते भाइयों ने की बहन की हत्या, प्रेमी को भी उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है. एक टीचर और उसके प्रेमी की 3 भाइयों ने मिलकर हत्या कर दी. दोनों की लाश गांव के मंदिर के पीछे खेत में दफना दीं. पुलिस ने बुधवार रात मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों शव बाहर निकलवाए. इसके बाद उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. मामला अलग-अलग समुदाय का है. पुलिस ने प्रेमी के पिता की शिकायत पर टीचर के भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवती के दो भाइयों को हिरासत में लिया गया है.
घटना मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र की है. उमरी सब्जीपुर गांव में काजल रहती थी. काजल पढ़ाई कर रही थी, साथ ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती भी थी. उसका गांव के ही अरमान के साथ पिछले दो साल से अफेयर चल रहा था. 18 जनवरी (रविवार) की रात अरमान अपनी प्रेमिका काजल से मिलने उसके घर पहुंच गया. वहां काजल के घरवालों ने दोनों को एक साथ देख लिया. गुस्से में आकर घरवालों ने अरमान और काजल को पकड़ लिया. फिर दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी.
मंदिर के पास दफनाए शव
इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से दोनों के शवों को गांव से दूर गागन नदी के किनारे नीम करोली बाबा मंदिर के पास ले गए. फिर वहां गड्ढा खोदकर जमीन में दफन कर दिए. यह स्थान गांव से काफी दूर था, जिससे आरोपियों को लगा कि शव आसानी से नहीं मिलेंगे. उधर, अरमान के घरवाले पिछले तीन दिनों से उसकी तलाश में थाने के चक्कर काट रहे थे. घरवालों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को अनहोनी की आशंका जताते हुए शिकायत भी की. लेकिन, पुलिस ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया. पुलिस की इसी टालमटोल की वजह से तीन दिनों तक आरोपियों को सबूत छिपाने का मौका मिला.
भाइयों पर शक, पूछताछ में कबूला जुर्म
मुरादाबाद के SSP सतपाल अंतिल ने बताया कि युवक और युवती आपस में परिचित थे. गहराई से पड़ताल करने के बाद युवती के भाइयों पर हमें शक हुआ. पुलिस ने युवती के दो भाइयों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया. बताया कि उन्होंने अपनी बहन और उसके प्रेमी की हत्या कर दी है. दोनों का शव मंदिर के पीछे एक खेत में दबा दिया है.
बुधवार को SP क्राइम, थाना कटघर, थाना मझोला, थाना मुगलपुरा और थाना मुंडा पांडे की पुलिस फोर्स ने पाकबड़ा पुलिस के साथ मिलकर गागन किनारे खुदाई शुरू कराई. घंटों की मशक्कत के बाद अरमान और काजल के शव नीम करौली मंदिर के पास गड्ढे से निकाले गए. इसका पता चलते ही मौके पर दोनों समुदाय के लोगों की भीड़ जमा होने लगी.
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
इसको देखते हुए CO सिविल लाइन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल के अलावा PAC को भी बुला लिया. फिर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. प्रशासन ने सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए सभी संभावित सावधानियां बरतीं. ग्राम प्रधान बबलू सैनी ने बताया कि हमें पता नहीं था कि दोनों का अफेयर कितने दिनों से चल रहा था. अभी शाम को पुलिस के जरिए पता चला है कि मृतक लड़के के घरवालों की तरफ से शिकायत भी दी गई थी. छानबीन से पता चला है कि दोनों का मर्डर कर दिया गया.
BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत केस
मृतक युवक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना पाकबड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया है. यह मुकदमा BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत युवती के तीन भाइयों के खिलाफ दर्ज किया गया है. दो आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है. दोनों शवों को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में, आरोपियों की निशानदेही और वीडियोग्राफी के साथ बरामद किया गया है.
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस ने सभी सबूतों को सुरक्षित रखा है ताकि कोर्ट में मजबूत केस पेश किया जा सके. फिलहाल तीसरे भाई की तलाश जारी है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. SSP ने आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों को सजा दिलाई जाएगी.
इलाके में शांति
SSP सतपाल अंतिल ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कोई समस्या नहीं है. प्रशासन ने स्थिति पर पूरी नजर रखी हुई है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बरती जा रही है.
ऑनर किलिंग पर चिंता
यह मामला एक बार फिर ऑनर किलिंग की गंभीर समस्या को उजागर करता है. सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस घटना की निंदा की है और कहा है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. विशेषज्ञों का मानना है कि सामाजिक सोच में बदलाव और कानून के सख्त प्रवर्तन से ही ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकती है.



