‘साजिश के तहत फंसाया जा रहा’, गिरफ्तारी पर बोले बहरोड़ के पूर्व MLA बलजीत यादव

राजस्थान के बहरोड़ से पूर्व निर्दलीय विधायक बलजीत यादव को मंगलवार (3 फरवरी) की रात ईडी ने दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित शाहजहांपुर टोल से गिरफ्तार किया. उनकी गिरफ्तारी के बाद बुधवार (4 फरवरी) को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया. इस बीच कोर्ट में ईडी के अधिकारियों ने बलजीत यादव की रिमांड की मांग की है. बलजीत यादव के वकील ने इसका विरोध किया. उन्होंने कहा कि यदि बलजीत यादव बीजेपी ज्वाइन कर लेते हैं तो उन पर यह कार्रवाई नहीं होती.
बलजीत यादव ने बताई खुद पर कार्रवाई की वजह
बलजीत यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि बहरोड़ के विधायक जसवंत यादव अपने बेटे को विधायक बनाना चाहता है इसलिए मुझ पर कार्रवाई हुई है.
पूर्व विधायक पर स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA Local Area Development Fund) से 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि के दुरुपयोग और गबन का आरोप है. ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की है.
दिल्ली-जयपुर हाईवे से किया गिरफ्तार
ईडी ने मंगलवार (3 फरवरी) की रात अलवर के शाहजहांपुर टोल प्लाजा (दिल्ली-जयपुर हाईवे पर NHAI ऑफिस के पास) से पूर्व विधायक बलजीत यादव को हिरासत में लिया था. इसके बाद पूछताछ के लिए जयपुर स्थित ईडी ऑफिस लाया गया था. यहां पूछताछ के बाद बलजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया गया था.
ईडी सूत्रों के अनुसार जनवरी 2025 में जयपुर, दौसा और बहरोड़ में बलजीत यादव के कुल 10 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. इनमें जयपुर में 8 और दौसा व बहरोड़ में एक-एक ठिकाने शामिल थे. तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सबूत बरामद किए गए थे, जिनके आधार पर गिरफ्तारी की गई.
पूर्व विधायक की गिरफ्तारी पर क्या बोले गृह राज्य मंत्री?
मामले को लेकर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि नेताओं को दोहरे चेहरे नहीं अपनाने चाहिए, यही बलजीत यादव भ्रष्टाचार को लेकर पूरे प्रदेश में काले कपड़े पहनकर आंदोलन कर रहे थे. बड़ी-बड़ी बातें करते थे. अब खुद ही भ्रष्टाचार के मामले में पकड़े गए हैं. हमारी सरकार मुख्य मंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रही है.



