जोधपुर: खाने के 670 रुपये के विवाद में खूनी वारदात, होटल में मचा कोहराम, 5 गिरफ्तार

जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट वेस्ट के बासनी थाना क्षेत्र में एक मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया. ट्रांसपोर्ट नगर स्थित लक्ष्मी लॉज भोजनालय में 670 रुपये के भुगतान को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया. घटना में होटल संचालक के भाई दिनाराम पर आरोपियों ने बेरहमी से हमला कर दिया, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
जोधपुर के बासनी पुलिस थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि घटना 20 जनवरी की रात करीब 8.30 बजे की है, जहां चार-पांच युवक खाना खाने के बाद बिल चुकाने लगे, लेकिन स्कैनर से ऑनलाइन भुगतान नहीं हुआ. जब होटल स्टाफ ने नकद पैसे मांगे तो आरोपी भड़क गए.
होटल संचालक का भाई एम्स में भर्ती
घटना के पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने पहले गाली-गलौज, फिर थाप-मुक्कों और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. कुछ ही पलों में होटल रणभूमि बन गया. हमले में गंभीर रूप से घायल दिनाराम को तत्काल एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
5 आरोपी गिरफ्तार
वहीं मामले की सूचना मिलते ही बासनी थाना पुलिस हरकत में आई. इसके बाद एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने कुछ ही समय में वारदात का खुलासा करते हुए सेठाराम, करण, पंकज प्रजापत, सोहनलाल और कालूराम को गिरफ्तार कर लिया.
घटना में प्रयुक्त कार बरामद, चाकू ढूंढने के प्रयास जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है. फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी के प्रयास जारी हैं. पुलिस पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान व अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.



