ताजमहल घूमने आए फ्रांस के जोड़े ने हिंदू रीति रिवाज से रचाई शादी, मंत्रोच्चारण के साथ लिए 7 फेरे

मोहब्बत की नगरी आगरा में ताजमहल घूमने आए फ्रांस के विदेशी जोड़े ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की. ये जोड़ा भारतीय संस्कृति और परंपराओं से इतना प्रभावित दिखाई दिया कि उन्होंने आगरा के राधा-कृष्ण मंदिर में पूरे विधि विधान के साथ सात फेरे लिए और एक दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाईं. जिसके बाद ये खबर चर्चाओं में बनी हुई हैं.
फ्रांस के रहने वाले 74 साल के फिलिप और 68 वर्षीय सिल्विया ने आगरा में ताजमहल घूमने आए थे. जिसके बाद वो यहां की संस्कृति से बेहद प्रभावित हुए. जिसके बाद उन्होंने हिन्दू रीति रिवाज से शादी करने का मन बना लिया. दोनों ने आगरा के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में सात फेरे लिए और 40 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने वैदिक मंत्रों और अग्नि को साक्षी मानकर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया.
फ्रांसिसी जोड़े ने हिन्दू रीति रिवाज से किया विवाह
राधा कृष्ण मंदिर परिसर में मंत्रोच्चारण के बीच यह विवाह पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ. ये विदेशी कपल 25 दिन के भारत भ्रमण पर आया था. इस दौरान उन्होंने भारत की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को देखा. ताजमहल दीदार के बाद उनकी सोच पूरी तरह बदल गई. उन्होंने कहा कि भारत में विवाह केवल एक रस्म नहीं बल्कि आत्मिक बंधन है.
राधा-कृष्ण मंदिर में हुई शादी उनके जीवन का सबसे खास पल बन गई. विदेशी जोड़े ने कहा कि भारतीय विवाह दुनिया का सबसे पवित्र विवाह है. यहां के मंत्रोच्चारण, परंपराएं और संस्कार उन्हें गहराई से छू गईं. ताजनगरी आगरा में इस अनोखी शादी ने एक नई प्रेम कहानी को जन्म दिया और भारतीय संस्कृति की महानता को एक बार फिर दुनिया के सामने उजागर किया.
25 दिन भारत भ्रमण पर आया है जोड़ा
भारत भ्रमण कराने वाले गाइड पंकज शर्मा ने बताया कि यह कपल फ्रांस के 1 प्रांत का रहने वाला है, जिन्होंने मेरे साथ भारत भ्रमण का चयन किया था. पिछले 25 दिन से भारत में हैं और अभी ट्रिप एंड हो रहा है. यह लोग आगरा घूमने आए और भारतीय संस्कृति से इतना प्रभावित हुए कि इन्होंने मुझसे बोला कि हम भारतीय संस्कृति से शादी कर सकते हैं. इसी इच्छा को ध्यान में रखते हुए हमने पूरे रीति-रिवाजों के साथ मंदिर के अंदर शादी का आयोजन किया.



