राज्य

भूमि विवाद में खूनी खेल! मुंगेर में दो भाइयों ने ली एक-दूसरे की जान, चाकू और खंती से किया वार

मुंगेर के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के खपरा गांव में मंगलवार (20 जनवरी, 2026) को दो भाइयों ने एक-दूसरे की जान ले ली. मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है. घटना खपरा गांव के कुशवाहा टोले की है. एक-दूसरे पर जानलेवा हमले में छोटे भाई शैलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़े भाई मुकेश कुमार ने अस्पताल जाने के क्रम में दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही खड़गपुर एसडीपीओ अनिल कुमार पहुंचे. 

चार भाइयों में कई साल पहले हुआ था बंटवारा

घटना के संबंध में बताया जाता है कि खपरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद सिंह के चार पुत्र हैं. चार भाइयों में शैलेश सबसे छोटा था. मुकेश कुमार उससे बड़ा था. चारों भाइयों के बीच कई वर्ष पूर्व ही बंटवारा हो चुका था, लेकिन शैलेश और मुकेश के बीच रास्ते के लिए भूमि छोड़ने को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था. 

मंगलवार को भी दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई. दोनों भाइयों ने एक-दूसरे पर चाकू और और खंती से एक-दूसरे पर  हमला किया. शैलेश के पेट से लेकर चेहरे तक चाकू और खंती से वार किया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटनास्थल पर ही जान चली गई. वहीं शैलेश के हमले से गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार सिंह को पुलिस संग्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची. यहां से बेहतर इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही मुकेश ने भी दम तोड़ दिया.

घटना के वक्त मायके में थी शैलेश की पत्नी

शैलेश की पत्नी सविता कुमारी ने बताया कि वह दो दिन पूर्व अपनी 9 साल की बेटी आरुषि के साथ अपने मायके (बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के डाढ़ा गांव) चली गई थी. आज (मंगलवार) सुबह पड़ोसी ने सूचना दी कि दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ है, जिसमें मेरे पति की मौत हो गई है. इसके बाद हम ससुराल पहुंचे. उन्होंने बताया कि पति के बड़े भाई मुकेश कुमार सिंह से कई वर्षों से भूमि विवाद चल रहा था. 

मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर खपरा गांव में दो सगे भाइयों के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान दोनों की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर खड़गपुर एसडीपीओ जांच कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें- धीरेंद्र शास्त्री को लेकर सांसद पप्पू यादव ने दिया विवादित बयान, ‘चोरों-उचक्कों को…’

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!