देश

West Bengal: दोहरा हत्याकांड! ससुर ने बहू और उसकी मां को कुल्हाड़ी से मार डाला, बंगाल में बढ़ती घरेलू हिंसा पर चिंता गहराई

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में नदिया जिले के राणाघाट थाने के हबीबपुर आशुतोषपुर गांव में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. 70 साल के अनंत विश्वास नामक व्यक्ति ने अपनी बहू और बहू की मां (समधन) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी. यह घटना इतनी भयावह थी कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना सोमवार सुबह लगभग 4 बजे हुई. अनंत विश्वास चुपचाप घर में घुसा और कुल्हाड़ी से सो रही अपनी बहू शिल्पा विश्वास मंडल (27) और सास स्वप्ना मंडल (50) पर अंधाधुंध वार कर दिया. दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि शिल्पा विश्वास मंडल का पति यानी आरोपी का बेटा उस समय फूल बेचने गया हुआ था और घर का दरवाजा खुला था. इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया.

पत्नी की मौत के बाद बढ़ा तनाव

पता चला है कि घटना से तीन दिन पहले ही अनंत विश्वास की पत्नी की मौत हो गई थी. इस कारण शिल्पा की मां स्वप्ना मंडल अपनी बेटी के घर आई थीं. परिजनों और पुलिस का मानना है कि घर में कुछ दिनों से तनाव था और इसी पारिवारिक कलह के कारण आरोपी ने इतना बड़ा कदम उठाया हो सकता है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत फैल गई. लोग घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी. राणाघाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह अपराध पारिवारिक विवाद का नतीजा है. आरोपी अनंत विश्वास को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है.

हाल ही में सामने आए कई हत्या के मामले

नदिया की इस घटना से पहले कोलकाता में भी लगातार कई हत्या के मामले सामने आए जो पारिवारिक विवाद और संबंधों में तनाव से जुड़े थे. ताज़ा मामला कोलकाता के पार्क स्ट्रीट का है. यहां बड़े भाई नीरज जायसवाल की हत्या के आरोप में उसके भाई धीरज जायसवाल को गिरफ्तार किया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों भाइयों में पिता की संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था.

मंगलवार को विवाद बढ़ा तो धीरज ने नीरज को घूंसा मारा. नीरज सिर के बल ईंट पर गिर गया और गंभीर चोटों की वजह से उसकी मृत्यु हो गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है. इसी तरह श्यामपुकुर में भी एक महिला पूजा पुरकायस्थ की हत्या का मामला सामने आया. उसकी मौत को पहले असामान्य मानकर अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी. बाद में पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी. पुलिस को उसके पति का हाथ से लिखा एक नोट भी मिला. आरोप है कि पति को शक था कि पत्नी का विवाहेतर संबंध है, इसी संदेह में उसने हत्या कर दी.

बागबाजार में पत्नी की हत्या कर पति ने किया आत्मसमर्पण

एक अन्य घटना बागबाजार में हुई जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी कथित रूप से विवाहेतर संबंध में शामिल थी और इसी कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. शुक्रवार को झगड़ा इतना बढ़ा कि पति ने गुस्से में पत्नी की हत्या कर दी. उसकी योजना थी कि इसे आत्महत्या जैसा दिखाया जाए, लेकिन वह सफल नहीं हो सका.

इन लगातार घटनाओं ने बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता बढ़ा दी है. अधिकांश मामलों में गुस्सा, तनाव, संदेह और संपत्ति विवाद हत्या का कारण बन रहे हैं. पुलिस और समाजकर्मियों का मानना है कि परिवारों में संवाद की कमी और मानसिक तनाव ऐसी घटनाओं का बड़ा कारण बन रहे हैं. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!