ललित मोदी बोले- जान का खतरा था, इसलिए भारत छोड़ा:2010 में सुरक्षा हटने के 3 दिन बाद निकला; 15 सितंबर को ब्रिटिश नागरिकता मिली
पूर्व IPL कमिश्नर ललित मोदी ने बताया, मैंने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत नहीं छोड़ा था, बल्कि मुझे 2010 में जान को खतरा था। बिना सूचना दिए मेरी सिक्योरिटी हटा दी गई थी। उन्होंने मंगलवार को लंदन से बयान जारी कर कहा, 'उस समय मेरे खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं थी।' दर असल, मोदी पर IPL में वित्तीय अनियमितताओं, मीडिया राइट्स की डील में कथित कमीशनखोरी, फ्रेंचाइजी की नीलामी में गड़बड़ी और विदेशी मुद्रा कानून के उल्लंघन के आरोप लगे थे। ललित उसके बाद से देश से बाहर हैं। अब वे भारतीय नहीं ब्रिटिश नागरिक हैं। उन्होंने 14 नवंबर को बताया था कि 15 सितंबर 2026 को उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिल गई। ललित मोदी के बयान की 5 बड़ी बातें… 1. भारत छोड़ने की वजह बताई: ललित मोदी ने कहा कि वे 2010 में अंडरवर्ल्ड से जान का खतरा होने के कारण भारत छोड़कर गए थे। उनके मुताबिक, भारत छोड़ने से तीन दिन पहले उनकी पुलिस सुरक्षा भी बिना सूचना के हटा दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय उनके खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं थी। 2. 16 साल में चार्जशीट नहीं हुई: मोदी ने कहा कि 16 साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी भारत की किसी अदालत में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं हुई। उन्होंने इसी आधार पर खुद को भगोड़ा बताने वाली खबरों पर सवाल उठाए। 3. हाईकोर्ट ने पासपोर्ट बहाल किया: उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कहने पर उनका भारतीय पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था। हालांकि, 2014 में दिल्ली हाईकोर्ट ने पूरे मामले की परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला पलट दिया और उनका पासपोर्ट बहाल कर दिया। 4. मीडिया को मुकदमे की चेतावनी: मोदी ने भारतीय मीडिया संस्थानों पर गलत और बदनाम करने वाली खबरें प्रकाशित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों ने उनकी ब्रिटिश नागरिकता और भारत छोड़ने की वजह को गलत तरीके से पेश किया है। ऐसी खबरें प्रकाशित करने वालों के खिलाफ वे उपलब्ध कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेंगे। 5. इंटरपोल में कोई अलर्ट नहीं: मोदी ने प्रत्यर्पण को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज किया। उन्होंने दावा किया कि इंटरपोल ने लिखित रूप में पुष्टि की है कि उसके रिकॉर्ड में उनके खिलाफ कोई आपराधिक अलर्ट या नोटिस नहीं है। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ न तो कोई आपराधिक कार्रवाई चल रही है और न ही उन्हें किसी अपराध में दोषी ठहराया गया है। लंदन के सबसे महंगे इलाके में रहते हैं ललित ललित का जन्म दिल्ली के एक बड़े कारोबारी परिवार में हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 57 करोड़ डॉलर (करीब 4,555 करोड़ रुपए) है। वह परिवार की कंपनी मोदी एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इसकी स्थापना उनके दादा गुजर मल मोदी ने 1933 में की थी। ललित 2010 से लंदन में रह रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी मीनल मोदी और दोनों बच्चे आलिया और रुचिर भी थे। मीनल का 2018 में कैंसर से निधन हो गया। ललित मोदी का घर लंदन के बेलग्राविया-चेल्सी इलाके में है, जो शहर के सबसे महंगे इलाकों में गिना जाता है। यह इलाका विदेशी दूतावासों, लग्जरी ब्रांड्स और करोड़ों-करोड़ रुपये की संपत्तियों के लिए मशहूर है। ---------------------------- ये खबर भी पढ़ें… IPL फाउंडर ललित मोदी अब ब्रिटिश नागरिक:सितंबर में नागरिकता मिली, 16 साल से लंदन में हैं; भारतीय नागरिकता 2025 में ही खत्म हो चुकी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी अब भारतीय नहीं ब्रिटिश नागरिक हैं। उन्होंने पोस्ट करके बताया कि 15 सितंबर 2026 को उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिल गई थी। उनकी भारतीय नागरिकता 2 साल पहले ही खत्म हो गई थी। मार्च 2025 में उन्होंने पैसिफिक आइलैंड देश वानुअतु की नागरिकता ली थी। बाद में वहां के पीएम ने उनका पासपोर्ट कैंसिल करवा दिया था। पीएम ने कहा था कि ललित प्रत्यर्पण से बचने नागरिकता ले रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)