West Bengal Election 2026 Voting: बंगाल में पहले चरण की वोटिंग आज, PM मोदी-अमित शाह ने की जनता से खास अपील, जानें क्या कहा?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को 152 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण आज हो रहा है. मैं सभी नागरिकों से लोकतंत्र के इस त्योहार में पूरी ताकत से हिस्सा लेने की अपील करता हूं. मैं खास तौर पर अपने युवा दोस्तों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में वोट करने की अपील करता हूं.
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आज बंगाल में पहले चरण का मतदान है. इस बार का बंगाल चुनाव प्रदेश के वर्तमान के साथ-साथ भविष्य के लिए भी बहुत महत्त्वपूर्ण है. एक मजबूत नेतृत्व वाली सरकार ही बंगाल की डेमोग्राफी बदलने वाले घुसपैठियों, सिंडिकेट और कटमनी राज से प्रदेश को मुक्ति दिला सकती है. बंगाल की माताओं, बेटियों के लिए सुरक्षित बंगाल बनाने हेतु आज बढ़-चढ़कर वोट करें. सभी मतदाता, विशेषकर युवा, आज एक समृद्ध और विकसित बंगाल बनाने के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें.
ये भी पढ़ें: Assembly Polls 2026: तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर चुनाव, बंगाल में पहले चरण के लिए मतदान, गढ़ बचा पाएंगे ममता-स्टालिन?
पहले चरण में कितने मतदाता ले रहे भाग?
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें लगभग 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. चुनाव के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2,450 टुकड़ियों यानी लगभग 2.5 लाख जवान तैनात किए गए हैं. 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है. निर्वाचन आयोग ने मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूचबिहार, बीरभूम और पूर्व बर्धमान जिलों को विशेष निगरानी में रखा है. पहला चरण राजनीतिक रूप से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें उत्तर बंगाल की सभी 54 सीटें शामिल हैं. यही क्षेत्र 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के उभार का आधार बना था और 2021 के विधानसभा चुनाव में उसे तृणमूल का प्रमुख प्रतिद्वंद्वी बनाने में मददगार रहा था.
भाजपा ने 2021 में कितने सीटों पर जीत हासिल की थी?
2021 में भाजपा ने 152 सीटों में से 59 सीटें जीती थीं, जबकि तृणमूल ने 93 सीटों पर जीत दर्ज की थी. भाजपा के लिए उत्तर बंगाल में अपना वर्चस्व बनाए रखना जरूरी है, ताकि वह पूरे राज्य में मुकाबले में बनी रहे. वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल के लिए उत्तर बंगाल में भाजपा को बड़ी जीत से रोकना जरूरी है, ताकि दूसरे चरण से पहले बढ़त का माहौल बनाया जा सके. यह चरण इसलिए भी खास नजरों में है क्योंकि इससे पहले मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण हुआ था, जिसमें राज्य की मतदाता सूची से करीब 91 लाख नाम हटाए गए. पहले चरण में कई दिग्गज उम्मीदवार मैदान में हैं. मुख्य उम्मीदवारों में नंदीग्राम से नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी (भाजपा), माथाभांगा से पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक (भाजपा), दिनहाटा से राज्य मंत्री उदयन गुहा (तृणमूल), सिलीगुड़ी से गौतम देव (तृणमूल) और बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी (कांग्रेस) शामिल हैं. राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी.
ये भी पढ़ें: Bengal Election 2026 Voting Live: ममता जीती तो बंगाल बनेगा अलग देश, बीजेपी नेता का दावा, TMC बोली- बिना डरे वोट करें



