टूट गया रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड, स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास; T20I की टॉप स्कोरर बनीं

स्मृति मंधाना शुक्रवार को खेले गए पहले टी20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुईं. 14 गेंदों में खेली इस पारी में उन्होंने 1 छक्का जड़ा. लेकिन सिर्फ एक रन बनाने के साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया था. रोहित शुक्रवार से पहले तक टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय (पुरुष और महिला) थे, लेकिन अब स्मृति टॉप पर आ गई हैं.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर 5 टी20 मैच खेलेगी. शुक्रवार को पहला टी20 डरबन में खेला गया, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 157 रन बनाए थे. स्मृति मंधाना बड़ी पारी नहीं खेल सकी, उन्होंने 14 गेंदों में सिर्फ 13 रन बनाए. लेकिन इस पारी के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया. वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बन गई, उनके इस फॉर्मेट में 4244 रन हो गए हैं. रोहित शर्मा के 4231 रन हैं, जो अब टी20 इंटरनेशनल से रिटायर हो चुके हैं.
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास
स्मृति मंधना ने 21 फरवरी 2026 को रोहित शर्मा के इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी, तब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने एडिलेड में 82 रनों की कमाल पारी खेली थी. 17 अप्रैल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में सिर्फ 1 रन लेने के साथ ही उन्होंने रोहित का ये रिकॉर्ड तोड़ दिया था.
यह भी पढ़ें- अगर आयरलैंड दौरे पर हुआ वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू तो किसका कटेगा पत्ता, सूर्यकुमार होंगे बाहर?
स्मृति के टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 161 मैचों में 4244 रन बनाए हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम एक शतक और 33 अर्धशतक हैं. टी20 इंटरनेशनल में मंधाना ने 84 छक्के और 570 चौके लगाए हैं.
दक्षिण अफ्रीका ने जीता मैच
भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रन बनाए थे, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों में 47 रनों की पारी खेली थी. शेफाली वर्मा (34) और जेमिमा रोड्रिगेज (36) ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेली. दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने ये लक्ष्य अंतिम ओवर की पहली गेंद पर हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की.
यह भी पढ़ें- ‘कैच ऑफ द सीजन’, श्रेयस अय्यर ने पकड़ा अविश्वसनीय कैच; सूर्यकुमार और रोहित का रिएक्शन वायरल
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोलवार्ड ने अर्धशतक जड़ा, उन्होंने 39 गेंदों में 51 रन बनाए. उन्हें श्रेयंका पाटिल ने आउट किया. इससे पहले उन्होंने पाटिल ने सुने लूस (13) को सस्ते में पवेलियन भेजा था. अंत में एनेरी डर्कसेन ने नाबाद 44 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. अयाबांगा खाका को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला, जिन्होंने 4 ओवरों में मात्र 16 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. खाका ने स्मृति मंधाना, ऋचा घोष और अरुंधति रेड्डी को आउट किया था.



