आजमगढ़

Azamgarh news :भारत रत्न,बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती जनपद में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जिलाधिकारी ने बाबासाहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि अर्पित की
डॉ भीमराव अंबेडकर अपने कर्मों से महान बने हैं-जिलाधिकारी
लखनऊ में आयोजित मा.मुख्यमंत्री द्वारा डॉ.भीमराव रामजी आंबेडकर जयंती पर भव्य समारोह एवं स्मारिका का विमोचन कार्यक्रम का जनपद में हुआ प्रसारण
डॉ भीमराव अम्बेडकर का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा,जागरूकता एवं संगठित प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है
भारत रत्न,संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती जनपद आजमगढ़ में गांव से लेकर कलेक्ट्रेट तक बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थानों,संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
लखनऊ में आयोजित डॉ.भीमराव रामजी आंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह एवं स्मारिका का विमोचन मा.मुख्यमंत्री,उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम के जनपद में प्रसारण को जनमानस ने देखा व सुना।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने डॉ.अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गंभीर सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, उप संचालक चकबंदी राम किशोर सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ.अंबेडकर ने अपनी असाधारण प्रतिभा, अटूट समर्पण एवं दृढ़ निष्ठा के बल पर जीवन की हर चुनौती को अवसर में परिवर्तित किया। उनका जीवन, उनके विचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनका अमूल्य योगदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में समानता का अधिकार तथा बिना किसी भेदभाव के मतदान का अधिकार जैसे प्रगतिशील प्रावधानों ने एक सशक्त और समतामूलक भारत की नींव रखी है। डॉ भीमराव अंबेडकर अपने कर्मों से महान बने हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन का ध्येय बनाया और इन्हीं आदर्शों को संविधान में समाहित कर देश को एक सशक्त दिशा प्रदान की। संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश को एक ऐसा दूरदर्शी दस्तावेज दिया, जो आज भी लोकतंत्र की मजबूती का आधार है तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करता है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा, जागरूकता एवं संगठित प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के युवा ही बाबा साहब के विचारों के सच्चे प्रतिनिधि हैं। उन्होंने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि उनकी प्रतिभा, नवाचार एवं समर्पण भारत को और अधिक सशक्त एवं विकसित बनाएंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गंभीर सिंह ने कहा कि बाबा साहब का जीवनयात्रा एक महान संघर्ष की प्रेरणादायी गाथा है। विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने अदम्य साहस, कठोर परिश्रम एवं शिक्षा के बल पर न केवल स्वयं को स्थापित किया, बल्कि करोड़ों वंचितों एवं शोषितों के लिए आशा की नई किरण बने। उनका जीवन हमें सामाजिक परिवर्तन के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देता है।
जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जब देश विकसित एवं समावेशी भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, तब बाबा साहब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनका संघर्ष हमें अन्याय, असमानता एवं भेदभाव के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है।
उप संचालक चकबंदी राम किशोर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का प्रेरणादायी जीवन एवं उनके आदर्श सदैव हमें एक न्यायपूर्ण, समरस एवं सशक्त समाज के निर्माण हेतु मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए कलेक्ट्रेट में कार्यालय सहायक अरविंद मौर्य ने डॉ. अंबेडकर के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
विकास भवन,पुलिस विभाग सहित जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खंडों एवं नगरीय निकायों सहित विभिन्न शासकीय/अशासकीय कार्यालयों में भी डॉ. अंबेडकर जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क, शहीद कुंवर सिंह उद्यान सहित विभिन्न स्थलों पर भी लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!