खेल

‘आप हमारी टीम की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं’, एमआई के साथ 15 साल पूरे करने पर रोहित शर्मा को हार्दिक ने दी बधाई

IPL 2026: मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को फ्रेंचाइजी के साथ 15 साल पूरे करने पर बधाई दी. हार्दिक ने ड्रेसिंग रूम में दिल को छू लेने वाली एक स्पीच दी. अपनी स्पीच में हार्दिक ने रोहित को एमआई के खिलाड़ियों का सबसे बड़ा प्रेरणास्त्रोत बताया.

रोहित शर्मा बहुत फ्रेंडली और खुले विचार वाले हैं- हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या ने एमआई द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए एक वीडियो में कहा,” इतने सालों तक इस फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करने के लिए आपका धन्यवाद. मैंने डेब्यू किया, बुमराह ने किया, हममें से कई लोगों ने आपके नेतृत्व में डेब्यू किया है. इतने सारे लोगों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद जो इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलने आए हैं, और उसी समय भारत के लिए भी. आप एक इंसान के तौर पर भी कमाल और शानदार रहे हैं. आप बहुत फ्रेंडली और खुले विचारों वाले रहे हैं. आपने इतने सालों तक जिस तरह से टीम का आगे बढ़कर नेतृत्व किया है उसके लिए बहुत धन्यवाद.”

मुंबई इंडियंस के साथ 15 साल पूरे होने पर, रोहित ने टीम के साथियों, सपोर्ट स्टाफ और फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट का दिल से शुक्रिया अदा किया, और फ्रेंचाइजी द्वारा पोस्ट किए गए एक और वीडियो में बतौर कप्तान अपनी यात्रा को आकार देने का श्रेय टीम के माहौल को दिया.

रोहित ने अपनी कप्तानी में एमआई को लीग की सबसे कामयाब फ्रेंचाइजी बनाया. इस पर उन्होंने कहा कि ये कामयाबियां किसी एक की काबिलियत के बजाय टीम की मेहनत का नतीजा थीं. फ्रेंचाइजी और उसके स्टेकहोल्डर्स के समर्थन ने एक कप्तान और एक व्यक्ति के तौर पर मुझे आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई.

रोहित ने फ्रेंचाइजी ओनरशिप का भी शुक्रिया अदा किया, और अपने करियर के अहम दौर में उनका साथ देने में उनकी भूमिका को माना.

डेक्कन चार्जर्स के साथ आईपीएल करियर का आगाज 

2008 में रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर का आगाज डेक्कन चार्जर्स के साथ किया था. वह इस टीम के साथ 2010 तक रहे. आईपीएल 2011 में वह मुंबई इंडियंस से जुड़े और अब तक इस टीम का हिस्सा बने हुए हैं. एमआई ने रोहित को 2013 में कप्तान बनाया था. वह 2023 तक इस टीम के कप्तान रहे. दस साल की कप्तानी में रोहित ने 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) मुंबई को आईपीएल का चैंपियन बनाया. सीएसके के अलावा 5 आईपीएल खिताब जीतने वाली एमआई सिर्फ दूसरी टीम है.

रोहित मुंबई इंडियंस के सफलतम बल्लेबाज हैं. 239 मैचों की 235 पारियों में 2 शतक और 41 अर्धशतक लगाते हुए वह 6,267 रन बना चुके हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!