आजमगढ़

Azamgarh News: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आजमगढ़ दौरा, पीएचसी कोइनहा का किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आजमगढ़ दौरा, पीएचसी कोइनहा का किया निरीक्षण

डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता,दवाओं की उपलब्धता व साफ-सफाई का लिया जायजा

आजमगढ़, 09 अप्रैल 2026 उप मुख्यमंत्री उ०प्र० ब्रजेश पाठक जी का जनपद आजमगढ़ भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत बड़सरा खालसा, पो०-कोइनहा, थाना कप्तानगंज स्थित हेलीपैड पर आगमन हुआ। तत्पश्चात उन्होंने मा० मंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग सूर्य प्रताप शाही के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोइनहा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

पैथोलॉजी, महिला वार्ड एवं विभिन्न कक्षों का किया निरीक्षण, मरीजों से किया संवाद

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पैथोलॉजी कक्ष में जांच प्रक्रिया, कम्पलीट रिपोर्ट कार्ड, जांच पंजिका आदि का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने महिला वार्ड, इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग कक्ष एवं सामान्य वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समर्पण भाव के साथ जनहित में कार्य करने का निर्देश दिया।

इस दौरान गैलरी में कुर्सी पर बैठे मरीजों—खांसी से पीड़ित मीरा देवी, दर्द से पीड़ित श्याम कली, अजय तथा लालचंद यादव आदि से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ० सुशील अग्रहरि को निर्देशित किया कि सभी मरीजों का तत्काल चेकअप कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय का भी किया निरीक्षण,ओपीडी पंजिका का अवलोकन

पीएचसी परिसर में स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए मा० उप मुख्यमंत्री ने ओपीडी पंजिका का अवलोकन किया तथा प्रभारी अधीक्षक डॉ० लालमन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पीएचसी एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पर्याप्त साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाएं तथा बेहतर चिकित्सा व्यवस्था पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० ननकू राम वर्मा को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करते हुए निर्देश दिया कि पीएचसी कोइनहा की तर्ज पर जनपद के सभी सीएचसी/पीएचसी, जिला एवं मण्डलीय चिकित्सालयों का दो माह के भीतर मेंटीनेंस कर उन्हें बेहतर बनाया जाए, जिससे सरकार की मंशा के अनुरूप जनपदवासियों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के मेंटीनेंस हेतु धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

जनपद में जल्द होगी न्यूरो सर्जन की नियुक्ति, प्रदेश में संचालित हैं 81 मेडिकल कॉलेज

प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद में शीघ्र ही न्यूरो सर्जन की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और प्रदेश सरकार नागरिकों को उत्तम चिकित्सकीय सुविधा, स्वास्थ्य जांच तथा निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एमएलसी विजय बहादुर पाठक के पिता के निधन पर उनके आवास पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि

उप मुख्यमंत्री ने जनपद आजमगढ़ के ग्राम बडसरा खालसा पहुंचकर सदस्य विधान परिषद विजय बहादुर पाठक के पिता राधेश्याम पाठक जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।.उप मुख्यमंत्री ने दिवंगत के पार्थिव चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि माता-पिता का साया जीवन में अमूल्य होता है और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।इस दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) गम्भीर सिंह, उप जिलाधिकारी संत रंजन,उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर अभय राज पांडेय सहित अन्य अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!